विराट कोहली ने इस मैदान पर खेले अभी तक दो मुकाबलों में नाबाद रहते हुए कुल 154 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90 रन का रहा है जो उन्होंने मेजबानों के खिलाफ 2016 में बनाए थे…
नईदिल्ली (ए)। ऑस्ट्रेलिया में जारी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान ने जगह पक्की कर ली है। न्यूजीलैंड को पहले सेमीफाइनल में 7 विकेट से हराकर बाबर आजम के नेतृत्व वाली टीम फाइनल में पहुंची है, जहां उसका सामना भारत बनाम इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। ये मुकाबला रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच एडिलेड पर टी20 वर्ल्ड कप 2022 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा।
इंग्लैंड की टीम लगातार दूसरी बार इस मेगा इवेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है, जबकि भारतीय टीम ने 2016 के बाद से पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाबी पाई है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत हासिल करना भारत के लिए आसान नहीं होने वाला है। दोनों टीमें एक-एक बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत चुकी हैं और इस बार खिताब जीतने से महज दो जीत दूर है। टी20 विश्व कप में भारत के प्रदर्शन पर नजर डाले तो टीम ने इससे पहले तीन बार सेमीफाइनल में कदम रखा है, जिसमें से टीम दो बार फाइनल में जगह बनाने में सफल रही है और 2007 में उद्घाटन संस्करण में खिताब अपने नाम करने में कामयाब रही थी।
टी20 विश्व कप 2016 ( भारत बनाम वेस्टइंडीज सेमीफाइनल) भारत में आयोजित हुए टी20 विश्व कप 2016 में भारत को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम 79 रन ही सिमट गई थी, हालांकि उसके बाद टीम ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने भारत कौ रौंदकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 193 रन बनाए थे, इसके जवाब में दो गेंद शेष रहते ये मुकाबला अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज फाइनल में इंग्लैंड को हराकर दूसरी बार चैंपियन बना था।
टी20 विश्व कप 2014 ( भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल) टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने 2014 में हुए वर्ल्ड कप जैसा प्रदर्शन कभी नहीं किया। टीम सेमीफाइनल मुकाबले तक अपने सभी मुकाबले जीते थे, लेकिन फाइनल में श्रीलंका के हाथों का हार का सामना करना पड़ा। इस संस्करण में भारत ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था। इस सीजन के दूसरे सेमीफाइनल में अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 173 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारत ने विराट की नाबाद 72 रन की पारी की बदौलत 5 गेंद शेष रहते जीत लिया था।
टी20 विश्व कप 2007 ( भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल) 2007 में उद्घाटन संस्करण में खिताब अपने करने वाली भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा था। लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 173 रन ही बना सकी। भारत ने सेमीफाइनल मुकाबला 15 रन से जीतकर फाइनल में कदम रखा था, जहां टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर खिताब जीता था।
एडिलेड में आग उगलता है किंग कोहली का बल्ला: विराट कोहली ने इस मैदान पर खेले अभी तक दो मुकाबलों में नाबाद रहते हुए कुल 154 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90 रन का रहा है जो उन्होंने मेजबानों के खिलाफ 2016 में बनाए थे। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान कोहली ने इस मैदान पर एकमात्र मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेला था जहां उन्होंने 64 रनों की नाबाद पारी खेली थी। फैंस एक बार फिर कोहली से इस मैदान पर बड़ी नाबाद पारी की उम्मीद करेंगे।
टी20 वर्ल्ड के सेमीफाइनल में भी आउट नहीं हुए कोहली: विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक दो बार सेमीफाइनल मैच खेला है और दोनों बार किंग कोहली ने नाबाद रहते हुए अर्धशतकीय पारी खेली है। विराट ने 2014 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद रहते हुए 44 गेंदों पर 72 रन बनाए थे, वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ 2016 में उन्होंने 89 रनों की नाबाद पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनकी इस पारी के दम पर टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी, मगर 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को हार झेलनी पड़ी थी।















