विशाखापटनम में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया कुल चार बदलाव के साथ उतर सकती है, जिसमें सरफराज़ खान और रजत पाटीदार का टेस्ट डेब्यू भी हो सकता है…
विशाखापटनम (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मुकाबला आज 02 फरवरी से विशाखापटनम में खेला जाएगा. भारतीय टीम पहला मुकाबला गंवाने के बाद सीरीज़ में 0-1 से पीछे हो चुकी है. अब रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम दूसरा मुकाबाल जीत सीरीज़ 1-1 से बराबर करना चाहेगी. मैच जीतने के लिए टीम इंडिया को बेस्ट प्लेइंग इलेवन की ज़रूरत पड़ेगी. तो आइए जानते हैं क्या हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन।
लेकिन प्लेइंग इलेवन जानने से पहले ये जानना ज़रूरी है कि भारतीय टीम विराट कोहली, मोहम्मद शमी, रवींद्र जडेजा और केएल राहुल जैसे अनुभवी प्लेयर्स की गैरमौजूदगी में दूसरा मुकाबाला खेलेगी.आइए अब समझते हैं कि किस तरह रोहित शर्मा दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन सेट कर सकते हैं।
रिप्लेसमेंट के तौर पर दूसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया से जुड़ने वाले रजत पाटीदार और सरफराज़ खान का टेस्ट डेब्यू लगभग तय है. पाटीदार नंबर तीन पर खेलने वाले शुभमन गिल को रिप्लेस कर सकते हैं. गिल बीते कुछ वक़्त से टेस्ट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. वहीं हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में नंबर चार पर खेलने वाले राहुल की गैरमौजूदगी में सरफराज़ खान को उसी नंबर पर मौका मिल सकता है।
पहले टेस्ट में भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज समेत दो पेसर्स के साथ मैदान पर उतरी थी, लेकिन सिराज कुछ खास नहीं कर सके थे. उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था. वहीं पहले मुकाबले में पिच ने स्पिनर्स को खूब मदद दी थी. ऐसे में रोहित शर्मा चार स्पिनर्स को विकल्प बना सकते हैं, जिसके लिए मोहम्मद सिराज को बेंच गर्म करनी पड़ सकती है. सिराज को कुलदीप यादव रिप्लेस कर सकते हैं. पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने सिर्फ एक पेसर को खिलाया था।
पहले टेस्ट में चोटिल होने वाले रवींद्र जडेजा की जगह रोहित शर्मा ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बना सकते हैं. सुंदर स्पिन के साथ शानदार बैटिंग भी करते हैं. ऐसे में सुंदर जडेजा का परफेक्ट रिप्लेसमेंट हो सकते हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन:
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, रजत पाटीदार, सफराज़ खान, श्रेयस अय्यर, केएस भरत, वाशिंगटन सुंदर, आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह.
















