BREAKING

फीचर्डविविध

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और सीरीज का आखिरी वनडे आज, बीसीसीआई आज से शुरू करेगा ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’ की पहल

आज 12 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले बीसीसीआई की ओर से अंगदान जागरूकता को लेकर एक बड़ी पहल शुरू की गई है…

 

अहमदाबाद (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला आज यानी 12 फरवरी, बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबले जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है. अब इंग्लिश टीम तीसरे मुकाबले में जीत हासिल कर खुद को क्लीन स्वीप होने से रोकेगी. वहीं टीम इंडिया मुकाबला जीतकर इंग्लैंड का सूपड़ा साफ करना चाहेगा।

भारतीय समय के अनुसार मुकाबले की शुरुआत दोपहर 1:30 बजे से होगी. वहीं टॉस 1 बजे होगा. तीसरे वनडे को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए लाइव प्रसारित किया जाएगा। अब तक भारत और इंग्लैंड के बीच कुल 108 वनडे खेले जा चुके हैं. भारतीय टीम ने 59 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लिश टीम ने 44 मैच जीते हैं. इसके अलावा दोनों के बीच 3 मुकाबले बेनतीजा रहे और 2 मुकाबले टाई पर खत्म हुए।

इस मुकाबले से पहले बीसीसीआई ने अंगदान के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। दरअसल, 10 फरवरी को बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस पहल की जानकारी दी। इसे लेकर बीसीसीआई की ओर से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें भारतीय टीम के खिलाड़ी अंगदान के बारे में जागरूकता फैलाते हुए नजर आ रहे हैं।

इसके साथ ही आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले तीसरे वनडे मैच के दौरान ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’ पहल की शुरुआत की जा रही है।

बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। विराट कोहली इस वीडियो में कहते हुए नजर आ रहे हैं कि “आपके अंग दूसरों की मदद कर सकते हैं। आप भी दूसरों की जिंदगी बचाएं, एक दाता के रूप में रजिस्टर करें और हर एक जिंदगी को अहमियत दें।” इसके अलावा भी कई खिलाड़ी अंगदान की जागरूकता के बारे में बात कर रहे हैं। इस वीडियो के नीचे बीसीसीआई ने कैप्शन में लिखा: “अंगदान करें, जिंदगी बचाएं! 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस पहल में शामिल हों। अपने अंगदान करने की प्रतिज्ञा लें और बदलाव लाएं।”

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने लिखा “भारत और इंग्लैंड के बीच 12 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले वनडे मैच के अवसर पर हमें एक जागरूकता पहल शुरू करने पर गर्व हो रहा है ‘अंगदान करें, जीवन बचाएं’। खेल में प्रेरणा देने, एकजुट करने और मैदान से परे स्थायी प्रभाव छोड़ने की ताकत होती है। इस पहल के जरिए हम सभी से सबसे बड़ा उपहार—जीवन का उपहार देने की अपील करते हैं। एक प्रतिज्ञा, एक निर्णय कई जिंदगियां बचा सकता है। आइए, साथ मिलकर बदलाव लाएं।”

Related Posts