दुर्ग। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग के एन्टी रैगिंग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में तीन दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एन्टी रैगिंग सप्ताह के रूप में मनाया गया। इस कार्यक्रम को तीन सत्रों में विभाजित किया गया था। प्रथम सत्र एन्टी रैगिंग ओरिएंटेशन प्रोग्राम, द्वितीय सत्र निबंध लेखन प्रतियोगिता जिसका विषय था-रैगिंग एक अपराध तथा तृतीय सत्र में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग के विषय में जागरूक करना था तथा रैगिंग से संबंधित नियमों के बारे में बताना था।
इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ की प्रभारी डाॅ. निशा गोस्वामी ने एंटी रैगिंग एक्ट के बारे में जानकारी दी तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के मानवीय मूल्य एंव व्यवहार के बारे में बताया। प्रकोष्ठ की सदस्य आस्था चतुर्वेदी ने बतााया कि रैगिंग एक अपराध है। यदि कोई विद्यार्थी रैगिंग करता पाया जाता है तो उसे कारावास हो सकती है या जुर्माना लगाया जा सकता है या वह काॅलेज से निकाला जा सकता है।
परिणामस्वरूप उस विद्यार्थी का कॅरियर खराब हो सकता है। इस कार्यक्रम में प्रियंका साहू, डाॅ. के.सी. भगत एवं मेघा ने कहा कि एंटी रैगिंग स्क्वायड्स एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के ही भाग होते हैं तथा उनकी भूमिका काॅलेज, हाॅस्टल, कैंटीन तथा बस में होने वाली रैगिंग गतिविधियों पर नजर रखने की तथा उसे रोकने की होती है। साथ ही इसकी सूचना एंटी रैगिंग के सदस्यों को समय रहते देनी पड़ती है। इस अवसर पर एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के सदस्य कृतिका साहू, सहायक प्राध्यापक ने भी संबोधित किया।
इस कार्यक्रम के आयोजन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डाॅ. स्वाती पाण्डेय, डाॅ. शोभा सिंह अधिष्ठाता लाॅ एवं एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग, लाॅ, फाॅरेन्सिक, काॅमर्स एंड मैनेजमेंट सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल थे।
गोदग्राम कोनारी में चलाया गया स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान: भारती विश्वविद्यालय दुर्ग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के तत्तवावधान में गोदग्राम कोनारी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। सर्वप्रथम प्रकोष्ठ के कार्यक्रम अधिकारी एवं गोदग्राम समन्वयक डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम द्वारा स्वच्छ भारत अभियान तथा वृक्षारोपण अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला गया।
डॉ. मेश्राम ने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से वनों की कटाई, मिट्टी का कटाव, अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में मरुस्थलीकरण और ग्लोबल वार्मिंग से आसानी से निपटा जा सकता है। तत्पश्चात विद्यार्थियों की मदद से विद्यालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
साथ ही वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की मदद से आम, अमरूद, बादाम आदि के पौधे विद्यालय परिसर में लगाए गए। उपरोक्त कार्यक्रमों के आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. देवांगन एवं अन्य शिक्षकगण और डॉ. रोहित कुमार वर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
















