दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पहले टेस्ट मैच में हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 124 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन भारतीय टीम दूसरी पारी में 93 रन पर ढेर हो गई…
कोलकाता (ए)। दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को 30 रनों से हराया। भारतीय टीम ने पहली पारी में 30 रनों की बढ़त ली थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने गेंदबाजों के दम पर वापसी की और भारत को हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 153 रन पर ऑलआउट हुई थी और उसने 123 रनों की बढ़त लेकर भारत के सामने 124 रनों का लक्ष्य रखा था। भारत की बल्लेबाजी दूसरी पारी में बेहद खराब रही और टीम दूसरे ही सत्र में 93 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत के लिए सबसे ज्यादा रन वाशिंगटन सुंदर ने बनाए जो 31 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने केशव महाराज पर लगातार चौके-छक्के लगाकर भारत को जीत दिलाने की कोशिश भी की, लेकिन खराब शॉट खेलकर वह पवेलियन लौट गए और फिर केशव ने मोहम्मद सिराज को आउट कर भारत की पारी ढेर कर दी। भारत के लिए कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी नहीं करने उतरे।
भारत के लिए वाशिंगटन और अक्षर के अलावा रवींद्र जडेजा ने 18, ध्रुव जुरेल ने 13, ऋषभ पंत ने 2, केएल राहुल ने 1 और कुलदीप यादव ने 1 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका के लिए सिमोन हार्मर ने चार विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन और केशव महाराज ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, एडेन मार्करम को एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 साल में पहली बार भारत को घरेलू जमीन पर टेस्ट मैच गंवाना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए इस टेस्ट मैच में जीत हासिल करना विशेष है। उसने इस मैच से पहले आखिरी बार भारतीय जमीन पर फरवरी 2010 में टेस्ट मैच जीता था। उस वक्त टीम ने भारत को पारी और छह रनों से हराया था। इसके बाद उसने भारत के खिलाफ भारत में आठ टेस्ट मैच खेले जिसमें से भारतीय टीम ने सात मैच जीते, जबकि एक ड्रॉ रहा। लेकिन बावुमा की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका ने इस तिलिस्म को तोड़ा और 15 वर्षों का सूखा समाप्त करने में सफल रही।
ईडेन गार्डेंस में सबसे सफल लक्ष्य की बात करें तो 2004 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 117 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। इसके बाद इस मैदान पर कभी 100 से अधिक रनों का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सका है। भारत के पास इस मैच में इस मैदान पर टेस्ट मैच का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का मौका था, लेकिन टीम इसमें सफल नहीं हो सकी।
कप्तान बावुमा टिके रहे और उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाया जिससे टीम भारत के सामने 120+ रन का लक्ष्य रखने में सफल रही। कप्तान के तौर पर वह अब तक अपराजेय चल रहे हैं। उन्होंने 11 टेस्ट मैच में टीम की कमान संभाली है जिसमें से 10 में टीम को जीत मिली है।
















