भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टी20 मैच के दौरान अर्शदीप सिंह ने एक ओवर में कुल 13 गेंदें डाली। उन्होंने इस ओवर में कुल सात वाइड की और वह अनचाहे क्लब में शामिल हो गए…
चंडीगढ़ (ए)। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान एक अनचाहे क्लब में शामिल हो गए हैं। अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय में पूर्णकालिक देशों में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने वाले संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप ने इस मामले में अफगानिस्तान के नवीन उल हक की बराबरी कर ली है।
अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन दूसरे मैच में वह लय में नजर नहीं आए। दक्षिण अफ्रीका की पारी का 11वां ओवर डालने आए अर्शदीप ने इस ओवर में सात वाइड फेंकी और कुल 18 रन लुटाए। अर्शदीप ने ओवर में कुल 13 गेंदें डाली जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी पूर्णकालिक देश के गेंदबाज द्वारा संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। अर्शदीप से पहले अफगानिस्तान के नवीन उल हक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2024 में खेले गए मैच में एक ओवर में 13 गेंद डाली थी।















