BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भाजपा से टिकट मिलने के 24 घंटे के भीतर पवन सिंह ने किया चुनाव लड़ने से इनकार, बताई ये वजह?

बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था. यहां से वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं…

नईदिल्ली (ए)। बीजेपी की तरफ से शनिवार (2 मार्च) शाम लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई. इसमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भी टिकट दिया गया. बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया. हालांकि, टिकट मिलने के 24 घंटे के भीतर ही पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है. उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

भोजपुरी सुपरस्टार ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं. पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारण वश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा.’ उन्होंने अपने इस ट्वीट में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डी को टैग किया है।

दरअसल, जैसे ही पवन सिंह का नाम आसनसोल सीट के लिए बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया गया, वैसे ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया. टीएमसी ने पवन सिंह के जरिए बंगाली महिलाओं को लेकर गाए गए गानों को लेकर उन्हें निशाने पर लिया. टीएमसी नेताओं ने पवन सिंह के गानों के पोस्टर शेयर करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने बंगाली गीत, संस्कृति और महिलाओं का अपमान किया है, उसे बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

टीएमसी के कुछ नेताओं ने सोशल मीडिया पर भोजपुरी सिंगर के कुछ गानों की वीडियो शेयर की और कहा कि इसमें साफ तौर पर वह महिलाओं का अपमान कर रहे हैं. टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पार्टी के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले समेत कई सारे नेताओं ने पवन सिंह की उम्मीदवारी पर सवाल खड़ा किया था।

राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने ट्वीट कर कहा, ‘मुझे रविवार सुबह आपके न्यूजफीड पर ये सब लाने के लिए दुख है. लेकिन पीएम मोदी के पाखंड को दिखाने के लिए ऐसा करना जरूरी है. बीजेपी ने कल भोजपुरी गायक पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से अपना लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया. पवन सिंह ऐसे वीडियो बनाते हैं, जो बेहद अश्लील और महिला विरोधी होते हैं. उन्होंने अपने गानों से बंगाल की महिलाओं को निशाना बनाया है।’

वहीं, जब पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया तो साकेत गोखले ने उनके ट्वीट को कोट करते हुए रिप्लाई भी दिया है. टीएमसी नेता ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से बीजेपी ने चुनाव की घोषणा होने से पहले ही एक सीट सरेंडर कर दी।’

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पवन सिंह के चुनावी मैदान से पीछे हटने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल के लोगों की अदम्य भावना और शक्ति.’ इसी तरह से डेरेक ओब्रायन ने भी कहा है कि खेला शुरू होने से पहले ही खेला होबे हो गया।

Related Posts