नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 23 मार्च को ‘शहीद दिवस’ के अवसर पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को भारत हमेशा याद रखेगा. ये महान लोग हैं जिन्होंने हमारे स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय योगदान दिया।’
आज ही के दिन फांसी पर लटकाया गया था…
गौरतलब है कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को लाहौर षड्यंत्र मामले में मौत की सजा सुनाए जाने के बाद आज ही के दिन अंग्रेजी हुकूमत द्वारा फांसी पर लटका दिया गया था, इसलिए उनकी शहादत को नमन करने लिए 23 मार्च को ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
पंजाब सीएम ने…
पंजाब के मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव में राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में पंजाब और पंजाबियों के शानदार योगदान को दर्शाने वाली एक विरासत सड़क बनवाने की घोषणा की. मान ने कहा कि मौजूदा संग्रहालय से खटकड़ कलां स्थित शहीद भगत सिंह के पैतृक आवास तक 850 मीटर लंबी विरासत सड़क का निर्माण किया जाएगा।
मान ने कहा कि वह पहले ही पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को इस परियोजना को गति देने का निर्देश दे चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले महान शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए राज्य सरकार कर्तव्यबद्ध है. उन्होंने कहा, ‘हम सभी को शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए कड़े प्रयास करने होंगे।’









