BREAKING

छत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

ब्रेकिंग: गृह मंत्री अमित शाह ने कोरोना वायरस को लेकर की उच्चस्तरीय बैठक…

नईदिल्ली। कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में देश में शनिवार को बढ़कर 918 हो गई है जबकि तेलंगाना और केरल में मरीजों की मौत के बाद इस महामारी से अब तक मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 19 हो गया है।

देश में लॉकडाउन और प्रवासी मजदूरों के भारी तादाद में अपने राज्यों की ओर निकलने के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार की शाम उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

तेलंगाना और केरल में कोरोना से पहली मौत

तेलंगाना में शनिवार को कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। तेलंगाना में महज एक दिन के अंदर कोविड-19 के 14 नए मामले आने के बाद यहां राज्य सरकार ने शनिवार को कोरोना वायरस की रोकथाम के उपायों को तेज कर दिया है। राज्य सरकार ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के कई क्षेत्रों को ‘रेड जोन’ घोषित किया है। ‘रेड जोन’ में सभी लोगों को 14 दिनों तक घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है।

केरल में खतरनाक कोरोना वायरस (कोविड 19) से संक्रमित 69 वर्षीय बुजुर्ग की शनिवार (28 मार्च) को कोच्चि में मौत हो गई। राज्य में कोरोना वायरस से मौत का यह पहला मामला है। कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि के बाद बुजुर्ग व्यक्ति को कोच्चि में कलमस्सेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी भी कोरोना से संक्रमित है।

प्रधानमंत्री ने लॉन्च किया ‘पीएम केयर्स’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे कोरोना महामारी से निपटने के उपायों में सरकार की मदद के लिए आगे आएं और विशेष रूप से गठित निधि में स्वेच्छा से अंशदान करें।

पीएम मोदी ने शनिवार (28 मार्च) को ट्वीट के जरिए यह अपील करते हुए कहा,“देशभर से लोगों ने कोविड -19 के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की इच्छा जाहिर की है। इस भावना का सम्मान करते हुए ‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और आपात स्थिति में राहत निधि’ यानी ‘पीएम केयर्स फंड’ का गठन किया गया है। स्वस्थ भारत के निर्माण में यह बेहद कारगर साबित होगा।”

मजदूरों के परायन पर अमित शाह ने की राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर शुक्रवार को उनसे देश में तीन सप्ताह के लॉकडाउन (बंद) की घोषणा के बाद विभिन्न हिस्सों से प्रवासी मजदूरों के सामूहिक रूप से अपने-अपने गंतव्यों के लिए निकलने के मुद्दे पर ध्यान देने को कहा है। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने भी राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों से प्रवासी मजदूरों को खाना और आसरा मुहैया कराने को कहा है ताकि वे वहीं रहें, जहां हैं।

उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”गृह मंत्री ने कुछ मुख्यमंत्रियों से बात की है और इस विषय पर उनसे विचार करने को कहा है।” देश में विभिन्न स्थानों से प्रवासी मजदूरों के कार्यस्थल छोड़कर घरों की ओर निकलने की खबरें आ रही हैं। परिवहन के साधन नहीं होने के कारण बडी संख्या में लोग पैदल ही निकल रहे हैं।

Related Posts