सोमवार को दिनभर दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहे। कुछ जगह छिटपुट बारिश के साथ कई जगह ओले भी पड़े। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग केंद्र में रात साढ़े आठ बजे 7.2 मिमी बारिश दर्ज की गई…
नईदिल्ली (ए)। बेमौसम बरसात ने पांच राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में हालात बिगाड़ दिए हैं। बिजली गिरने और वर्षाजनित हादसे में गुजरात में 27 व मध्य प्रदेश में चार की जान चली गई। उधर, हिमाचल की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में तीन दिन बर्फबारी व बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में भी सोमवार रात हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी। दिल्ली में पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। दृश्यता कम होने से दिल्ली आने वाले 16 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि तीन दिनों तक मध्य व उत्तर पश्चिमी भारत में पारा दो से तीन डिग्री तक नीचे आ सकता है। मंगलवार से कोहरा गहराएगा।
वहीं, उत्तराखंड में मंगलवार को उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ व चमोली में हल्की बारिश, अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। उधर, जम्मू-कश्मीर में दिसंबर में हिमपात शुरू हो सकता है। यही नहीं, महाराष्ट्र के छह जिलों में बारिश से जनजीवन बेहाल है। वही छत्तीसगढ़ में भी बदल छाएं रहे है और एक दो स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई।
हिमाचल में यलो अलर्ट के बीच कुल्लू और लाहौल में रोहतांग दर्रा, कुंजम, बारालाचा, सहित सीबी रेंज की चोटियों में बर्फबारी से पारा छह डिग्री नीचे आ गया। भरमौर की चोटियों पर 7.62 सेमी बर्फबारी हुई। पूरे प्रदेश में बादल छाने से शीतलहर बढ़ गई है।















