नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने विश्व क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया…
मुंबई (ए)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहला आईसीसी खिताब है, जिसने पूरे देश को गर्व से भर दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा “भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी सदस्यों को ICC महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई! उन्होंने पहली बार जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। वे अच्छा खेल रही हैं और आज उन्हें अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के अनुरूप परिणाम मिला है। यह निर्णायक क्षण महिला क्रिकेट को और भी ऊँचाइयों पर ले जाएगा। जिस तरह से लड़कियों ने भारत को गौरवान्वित किया है, मैं उनकी प्रशंसा करती हूँ।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि “आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत। फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा रहा। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई। हमारी खिलाड़ियों को बधाई। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की चैंपियन खिलाड़ियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम इंडिया की इस जीत पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि “विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम। यह देश के लिए एक गौरवशाली क्षण है, क्योंकि हमारी टीम महिला विश्व कप जीतकर भारत का गौरव आसमान पर पहुंचा रही है। आपके शानदार क्रिकेट कौशल ने लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है। पूरी टीम को बधाई।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा “हमारी बेटियों ने इतिहास रच दिया है, हम विश्व विजेता बन गए हैं! भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है! पूरे 140 करोड़ भारतीयों और पूरी टीम को इस अद्भुत व ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, यह हर भारतीय बेटी के सपनों, संघर्ष और आत्मविश्वास की जीत है और हमारे देश की नारी शक्ति के साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। जहाँ नारी आगे बढ़ती है, वहाँ इतिहास बनता है। ये विजय बताती है कि सशक्त नारी ही सशक्त भारत की पहचान है। जय हिन्द 🇮🇳
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक विजय है। उन्होंने कहा कि “विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हार्दिक अभिनंदन। देशवासियों को हृदयतल से बधाई। आप सभी देश का गौरव हैं। भारत माता की जय।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर लिखा कि “विश्व विजेता भारत की बेटियां आईसीसी विश्व कप के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर विश्व चैंपियन बनी हैं। आपने अथक परिश्रम, समर्पण और अटूट आत्मविश्वास से देश का मान बढ़ाया है। हमें आप पर गर्व है।”
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लिखा कि “भारतीय क्रिकेट के लिए क्या ही शानदार पल। महिला विश्व कप 2025 ट्रॉफी घर लाने के लिए हमारी अद्भुत विमेन इन ब्लू महिलाओं को बधाई। आपके जुनून, साहस और प्रतिभा ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। खेलों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाली युवा लड़कियों के लिए यह आपकी सुबह है। आज जयकार कर रहे हर भारतीय के लिए – इस खुशी का आनंद लें।”
















