नईदिल्ली (ए)। जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था, आखिरकार वो पल आ ही गया है। बीसीसीआई ने आईपीएल के बाकी बचे मैचों की लिस्ट जारी कर दी है। आईपीएल की आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये बात सामने आई है। आईपीएल का 14 वां सीजन भारत में बढ़ते कोरोना मामलों के कारण रद्द करना पड़ा था। सभी मैच दुबई, अबु धाबी और शारजाह में खेले जाएंगे।
आईपीएल के बचे हुए मैचों का आगाज 19 सितंबर को दुबई में आईपीएल के ‘एल क्लासिको’ कहे जाने वाले ब्लॉकबस्टर मुकाबले के साथ होगा। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें भिड़ेंगी। दर्शकों को इस मैच का बेसब्री से इंतजार होगा। अबु धाबी में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच पहला मैच खेला जाएगा जबकि शारजाह का मैदान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच के रूप में अपनी मेजबानी का आगाज करेगा। आईपीएल-14 के बचे हुए 31 मैचों में 13 दुबई, 10 शारजाह और 8 अबु धाबी में खेले जाएंगे।
आईपीएल का रोमांच तब दूना हो जाता है जब एक दिन में दो-दो मैच खेले जाते हैं। आईपीएल के दूसरे भाग में 7 डबल हेडर खेले जाएंगे। इस आईपीएल में कुल 12 डबल हेडर खेले जाने थे जिसमें से 5 भारत में हुए आईपीएल के पहले भाग में खेले जा चुके हैं। इसमें पहला मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे से तो शाम के मैच शाम के 7:30 बजे से खेले जाएंगे। लीग राउन्ड का आखिरी मुकाबला 8 अक्टूबर को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। पहला क्वालिफायर 10 अक्टूबर को दुबई में, एलिमीनेटर 11 अक्टूबर और दूसरा क्वालिफायर 13 अक्टूबर को शारजाह में खेला जाएगा। 15 अक्टूबर को दुबई फाइनल मैच की मेजबानी करेगा।
BCCI announces schedule for remainder of VIVO IPL 2021 in UAE.
The 14th season, will resume on 19th September in Dubai with the final taking place on 15th October.
More details here – https://t.co/ljH4ZrfAAC #VIVOIPL
— IndianPremierLeague (@IPL) July 25, 2021
बीसीसीआई द्वारा जारी की गई लिस्ट के अनुसार हर टीमों को शारजाह में 2-2 मुकाबले खेलने हैं। चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को दुबई में 3-3 जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस को दुबई में 2-2 मुकाबले खेलने हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स को अबु धाबी में 1-1 मुकाबले जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को अबु धाबी में 2-2 मैच खेलने हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस को अबु धाबी में सबसे अधिक 3-3 मैच खेलने हैं। आईपीएल का पिछला सीजन भी यूएई में इन्हीं मैदानों पर आयोजित किया गया था।















