BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

बीज एवं उर्वरक का अग्रिम उठाव के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करें: कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह

रायपुर। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कृषि एवं कृषि संबंधित विभाग जिला सहकारी बैंक, जिला विपणन अधिकारी, उप पंजीयक सेवा सहकारी समिति की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि समितियों में खाद-बीज का अग्रिम उठाव के लिए कृषकों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने सहकारी समिति में मांग व लक्ष्य के विरूद्ध तत्काल भंडारण करने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी बैंक एवं बीज प्रक्रिया प्रभारी को निर्देश दिये। साथ ही कहा कि कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी प्रतिदिवस संबंधित सहकारी समिति एवं ग्रामों का दौरा करें। बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप एवं कृषि विभाग के उप संचालक के.के कश्यप सहित संबंधित उपस्थित थे।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 126 सेवा सहकारी समिति में आज तक बीज 21592.50 क्विंटल का भंडारण कर 6340 क्विंटल का वितरण किया गया है जो कि मांग के विरूद्ध भंडारण मात्र 53 प्रतिशत व भंडारण के विरूद्ध वितरण 29 प्रतिशत है। इसी प्रकार रासायनिक उर्वरक 21415 मेट्रिक टन का भंडारण कर 7563 मेट्रिक टन का वितरण किया गया है, लक्ष्य के विरूद्ध भंडारण मात्र 53 प्रतिशत व भंडारण के विरूद्ध वितरण 35 प्रतिशत है।

गौरतलब है कि मानसून आने के पूर्व अधिक से अधिक अग्रिम बीज एवं रासायनिक उर्वरक का उठाव के लिए कलेक्टर द्वारा प्रत्येक विकासखंड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायत सी.ई.ओ. एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी की संयुक्त टीम बनाकर प्रतिदिवस 10-10 सहकारी समिति का दौरा कर प्रगति लाने हेतु निर्देश दिए गये है।

निर्माणाधीन शास्त्री बाजार परिसर के निरीक्षण के लिए पहुंचे कलेक्टर: कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट तहत बन रहे तीन मंजिला शास्त्री बाजार परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा भी उनके साथ थे। कलेक्टर डॉ. सिंह ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रोजेक्ट के शेष निर्माण कार्य जून माह तक पूरा करें साथ ही दुकानों के आबंटन की कार्यवाही भी सुनिश्चित करें।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत निर्माणाधीन तीन मंजिला शास्त्री बाजार परिसर में ग्राउंड फ्लोर सहित प्रत्येक तल पर 21 दुकान निर्मित की जा रही है। पूरे परिसर में कुल 84 दुकानें तैयार होंगे। परिसर के बेसमेंट पार्किंग में 70 बाइक एवं 30 कार रखने की व्यवस्था की गई है। इस बिल्डिंग की छत में सौर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा से परिसर को रोशन करने की योजना भी रायपुर स्मार्ट सिटी लि. ने बनाई है। लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन यह परिसर जून अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

निरीक्षण भ्रमण के दौरान रायपुर स्मार्ट सिटी के प्रबंध संचालक अबिनाश मिश्रा ने प्रोजेक्ट से जुड़े तकनीकी पहलुओं से अवगत कराने के साथ ही दुकानों के आबंटन के संबंध में कलेक्टर को अवगत कराया। इस दौरान रायपुर स्मार्ट सिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी उज्जवल पोरवाल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Posts