BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

बीजेपी दफ्तर में पीएम मोदी का हुआ जोरदार स्वागत, पीएम ने कहा- आने वाली अनेकों पीढ़ियों तक इसकी चर्चा होगी

संसद में महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद पीएम मोदी शुक्रवार को दिल्ली बीजेपी दफ्तर पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया, पीएम ने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित किया…

नईदिल्ली (ए)। संसद के दोनों सदनों से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ यानी महिला आरक्षण बिल पारित होने के एक दिन बाद, दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में महिला पार्टी कार्यकर्ताओं (महिला मोर्चा सदस्यों) और नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया. इस दौरान, पीएम मोदी ने महिला कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा, देश ने नया इतिहास बनते देखा है, हम सबका सौभाग्य है कि इतिहास बनाने का अवसर कोटि-कोटि जनों ने हमें दिया, आने वाली अनेकों पीढ़ियों तक इसकी चर्चा होगी. उन्होनें कहा, महिला आरक्षण बिल संसद के दोनों सदनों में भारी बहुमत से और राज्यसभा में सर्वसम्मति से पास होने की बधाई देता हूं. पीएम मोदी ने कहा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी, अन्य सभी वरिष्ठ साथी और आज मैं देश की माताओं और बहनों को भी दूर से प्रणाम करता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित करते हुए कहा, इसके पहले जब भी ये बिल (महिला आरक्षण बिल) संसद में आया तो लीपा-पोती हुई, सिर्फ नाम दर्ज कराए गए लेकिन निष्ठापूर्वक कभी प्रयास नहीं हुआ. कल सब लोगों ने वोट तो दिया लेकिन उन्हें इस बात से तकलीफ थी कि ‘नारी शक्ति वंदन’ शब्द क्यों लाया गया है, क्या देश की महिलाओं को वंदन नहीं किया जाना चाहिए. इस कानून ने साबित किया है कि देश को आगे ले जाने के लिए पूर्ण बहुमत वाली सरकार बहुत आवश्यक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित करते हुए कहा, कभी किसी निर्णय में देश के भाग्य को बदलने की क्षमता होती है, अभी हम ऐसे ही निर्णय के साक्षी बने हैं. नारी शक्ति वंदन अधिनियम रिकॉर्ड मतों से पारित किया जा चुका है, जिस बात का देश को कई दशकों से इंतजार था, वह सपना अब पूरा हुआ है. ये देश के लिए खास समय है, ये बीजेपी के कार्यकर्ता के लिए भी खास है, हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है।

मालूम हो गुरूवार को राज्यसभा से महिला आरक्षण बिल पास हो गया. बिल के समर्थन में 215 वोट पड़े जबकि इस विधेयक के खिलाफ किसी ने मतदान नहीं किया. बिल पास होने के एक दिन बाद दिल्ली में बीजेपी (BJP) कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर के बाहर जश्न मनाया. इस दौरान, एक महिला ने कहा कि विधेयक का 27 साल से इंतजार था, एक ऐतिहासिक युग की शुरुआत हुई है. यह विधेयक एक स्वर्ण युग में पारित हुआ, यह महिलाओं के लिए एक बड़ा दिन है।

Related Posts