भिलाई। भिलाई बिरादरी के लिए एक गौरवशाली पल जब सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के बीआरएम विभाग में प्रबंधक के रूप में कार्यरत श्रुति मेनन को इंडियन स्टील एसोसिएशन द्वारा नई दिल्ली में आयोजित समारोह में माननीय केन्द्रीय इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने “जेंडर डायवर्सिटी अवार्ड-स्प्रेडिंग विंग्स ऑफ स्टील” पुरस्कार से नवाजा। उल्लेखनीय है कि इस्पात उद्योग में महिला सशक्तिकरण को रेखांकित करने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
विदित हो कि बीआरएम की श्रुति मेनन एक कुशल इंजीनियर होने के साथ ही एक इनोवेटिव प्रबंधक के रूप में अपनी नेतृत्व क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया है। अपने टीम को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही विपरीत परिस्थितियों में बेहतर करने की कला सिखाई। इसके अतिरिक्त कार्यस्थल व कार्यस्थल के बाहर सामाजिक समरसता तथा सकारात्मक परिवर्तन हेतु निरन्तर प्रयासरत रही है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पूरे देश में इस्पात उद्योग के उन 6 पात्र प्रतिभागियों को प्रदान किया जाता है जो अपने हुनर व नेतृत्व क्षमता से इस्पात उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते है। इस हेतु प्रत्येक कंपनी से 3 महिलाओं को नामित किया जाता है। तत्पश्चात एक उच्च स्तरीय मूल्यांकन समिति द्वारा अवार्ड के लिए चयनित किया जाता है।
इस प्रकार कड़े मापदण्ड से खरा उतरते हुए श्रुति मेनन ने यह पुरस्कार जीतकर सेल व बीएसपी का परचम लहराया है। उनकी इस उपलब्धि पर सेल चेयरमेन सोमा मण्डल सहित संयंत्र के उच्च प्रबंधन तथा उनके विभाग के सीजीएम मुकेश गुप्ता ने बधाई दी है। विदित हो कि श्रुति मेनन के पति वी निवेश, पी एण्ड ई के प्रबंधक (कार्मिक) के रूप में बीएसपी में कार्यरत है।















