BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

बिहार में फिर NDA की सरकार: नीतीश कुमार ने 9वीं बार ली सीएम पद की शपथ; विजय सिन्हा-सम्राट चौधरी बने उपमुख्यमंत्री

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के बाद सीएम के मुंह से पीएम की प्रशंसा और रोहिणी आचार्या के संदेश के साथ जिस ‘खेला’ ने रंग दिखाया, आज उसका परिणाम सामने आ गया है। जानें अब तक क्या क्या हुआ? 

पटना (ए)। बिहार में शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार ने नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने तीनों को शपथ दिलाई। अब मंत्रियों के शपथ लेने का सिलसिला जारी है।

विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, प्रेम कुमार, श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन (संतोश मांझी), सुमित कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में सबसे अधिक चर्चा एनडीए के घटक दल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने बेटे संतोष कुमार सुमन की हुई। वे पिछले तीन दिन से चर्चा में थे। इनकी पार्टी से चार विधायक हैं। मंत्रियों की शपथ के बाद समारोह का समापन हो गया, अब एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चल रहा है।

मंत्री बनाए गए सुमित कुमार सिंह विधानसभा चुनाव 2020 में निर्दलीय विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह एनडीए सरकार में मंत्री बने, फिर महागठबंधन सरकार में भी मंत्री रहे। अब एनडीए 2.0 में भी उनका मंत्री पर बरकरार रखा गया है।

शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स कर बधाई दी। उन्होंने एक्स कर लिखा- बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के मेरे परिवारजनों की सेवा करेगी।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम भाजपा के साथ पहले भी थे, बस बीच में कहीं चले गए थे। उन्होंने कहा कि हम बिहार के हित के लिए काम करते हैं। बहुत जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। दोबारा दल बदलने के सवाल पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अब इधर-उधर जाने का कोई सवाल ही नहीं है।

इधर, शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद सीएम नीतीश कुमार और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक साथ दिखाई दिए। दोनों नेता काफी देर तक चर्चा करते नजर आए।

Related Posts