जेडीयू ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में छह सीटों पर जीत दर्ज की थी, इनमें से अब 5 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं…
नईदिल्ली (ए)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को अब मणिपुर में बड़ा झटका लगा है. मणिपुर में जेडीयू के पांच विधायक सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हुए हैं. बीजेपी ज्वाइन करने वाले जेडीयू विधायकों में केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अछबउद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक एएम खाउटे और थांगजाम अरूण कुमार शामिल हैं. एएम खाउटे और थांगजामअरूण कुमार ने विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की मांग की थी, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिलने पर दोनों जेडीयू में शामिल हो गये थे।
मणिपुर विधानसभा के सचिव के मेघजीत सिंह की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि अध्यक्ष ने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत जेडीयू के पांच विधायकों के बीजेपी में विलय को स्वीकार किया है. जेडीयू ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में 38 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी. इनमें से अब 5 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं. एक विधायक अभी भी जेडीयू में है।
बीजेपी लगा रही जेडीयू में सेंध बहरहाल एक तरफ नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में जाने की बात हो रही है. वहीं दूसरी तरफ बीजेपी लगातार उनकी पार्टी में सेंध लगा रही है. जेडीयू को पिछले नौ दिनों में ये दूसरा झटका लगा है. इससे पहले 25 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में जेडीयू के एकमात्र विधायक तेकी कासो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गए थे।
जेडीयू ने 2019 में हुए अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सात सीटें जीती थीं. चुनाव नतीजों में जेडीयू बीजेपी के बाद राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी थी. बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी. हालांकि जेडीयू के 6 विधायक बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे।
नीतीश कुमार ने बिहार में बीजेपी से तोड़ा था गठबंधन गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने बिहार में पिछले महीने ही बीजेपी से नाता तोड़ा था. नीतीश कुमार ने बीजेपी पर अपमानित करने और जेडीयू को तोड़ने के आरोप लगाते हुए खुद को एनडीए से अलग कर लिया था. इसके बाद नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन से हाथ मिलाया. महागठबंधन की नई सरकार में नीतीश कुमार एक बार फिर सीएम बने और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली थी।















