
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार 2019 में जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के पद पर पदस्थ थे, उस समय दंतेवाड़ा उपचुनाव के दौरान उन्होंने पुलिस नोडल के रूप में महती भूमिका अदा की थी। हाई प्रोफाइल उपचुनाव में नक्सल कोर जोन में प्रतिदिन अधिकाधिक संख्या में VIP आगमन के मध्य चुनाव को सफलतापूर्वक शांतिपूर्वक निपटाना चुनौतीपूर्ण कार्य था।
ऐसे में बेहतरीन प्लानिंग के साथ बल को ठहराना, चुनाव केंद्रों पर बल और चुनाव दल को तैनात करना और सुरक्षित निकालना अत्यधिक महत्वपूर्ण कार्य था जिसे उन्होंने पूरी रुचि और सजगता के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में निर्वहन किया।
श्री परिहार की सराहनीय भूमिका और कार्य हेतु महानिदेशक (सी आर पी एफ़) डॉ. ए. पी. माहेश्वरी द्वारा प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया था। आज दिनांक 28/1/2021 को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतन लाल डांगी के द्वारा प्रशस्ति डिस्क पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार को लगाया गया।
इसी प्रकार दिनांक 8 मई 2019 को राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र अंतर्गत हुए पुलिस नक्सली मुटभेड़ में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम के द्वारा अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए नक्सली संगठन के खूंखार नक्सली डीवीसी मेंबर अशोक ए सी एम नागेश नरेटी उर्फ कृष्णा, डॉक्टरी कार्य करने वाली महिला नक्सली सविता, प्रमिला को मार पाने मे सफलता प्राप्त हुई। इनके पास से 1 नग एके-47, एक नग एस एल आर राईफल, 2 नग 315 राइफल तथा भारी मात्रा में एम्युनेशन एवं अन्य सामग्री प्राप्त हुई थी। फल स्वरुप पुलिस महानिरीक्षक छत्तीसगढ़ के द्वारा प्रवीण कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम को क्रम पूर्व पदोन्नति प्रदान किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज कार्यालय में पुलिस महा निरीक्षक रतन लाल डांगी के द्वारा स्टार लगा कर निरीक्षक पद के लिए शुभकामनाएं और बधाई दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार एवं कार्यालयीन स्टाफ मौजूद थे।






