BREAKING

छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

बिरगांव नगर निगम की तरह ही छावनी में भी लोगों को पट्टे दिए जाएंगे- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

28.86 करोड़ की लागत से हुआ है केनाल रोड का निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण, सेक्टर-5 में फुटबॉल का गोल मारकर फुटबॉल ग्राउंड का उदघाटन किया। इसकी लागत 26 लाख रुपये है

भिलाई। बिरगांव नगर निगम की तरह ही छावनी में भी लोगों को पट्टे दिए जाएंगे। शहीद चुम्मन यादव की आदम कद प्रतिमा भी छावनी में लगाई जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने भिलाई प्रवास के दौरान छावनी में आयोजित जनसभा में कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के लिए सरकार ने बड़े कार्य किए हैं। इसके लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम में स्कूलों के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं दाई दीदी क्लीनिक के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं इलाज की सुविधा सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल के मामले में भी अमृत मिशन के माध्यम से अनेक कार्य किए गए हैं। बुनियादी अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर अपने संबोधन में विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि शहरी अधोसंरचना को बेहतर करने के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में युद्ध स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। भिलाई छावनी क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए अनेक टंकियों का निर्माण किया गया। साथ ही लोगों की मांग पर विकास कार्य किए गए हैं। बाबा बालक नाथ क्षेत्र में अनेक वर्षों से पट्टे की मांग थी। आज 40 पट्टों का वितरण किया गया है। इस मौके पर अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोल मारकर फुटबॉल ग्राउंड का किया उदघाटन

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल शाम नगर निगम भिलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 54 सेक्टर-5 में फुटबॉल का गोल मारकर फुटबॉल ग्राउंड का उदघाटन किया। इसकी लागत 26 लाख रुपये है। इस आकर्षक फुटबॉल मैदान को देखकर मुख्यमंत्री ने काफी सराहना की। यह भी उल्लेखनीय है कि सेक्टर-5 स्थित इस फुटबॉल ग्राउंड के आस-पास बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट मैदान भी है, वार्डवासियो के लिए खेल की दृष्टि से काफी सुविधा उपलब्ध है, इसके साथ ही साफ-सुथरे एवं  चमचमाती रोड और हरियाली वार्ड के मनोरम दृश्य को चार चांद लगा रही है। इस मौके पर वन मंत्री मोहमद अकबर, विधायक देवेंद्र यादव, दुर्ग कलेक्टर नरेन्द्र भूरे सहित खिलाड़ी और वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कोहका मेन केनाल रोड का लोकार्पण किया

 

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत खुर्सीपार केनाल रोड का लोकार्पण किया। कोहका माईनर मेन केनाल से नंदनी रोड तक तीन किलोमीटर लंबी केनाल रोड का निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य 28 करोड़ 86 लाख 84 हजार रूपए की लागत से कराया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर नगरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। केनाल रोड का बहुत ही आकर्षक ढंग से सौन्दर्यीकरण कराया गया है। इसके किनारे एक खूबसूरत गार्डन का निर्माण किया गया है। केनाल रोड के बन जाने से भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक-13 के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर वन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक देवेन्द्र यादव, भिलाई नगर निगम के पदाधिकारी एवं पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
फोर लेन की इस केनाल रोड के मध्य स्थित डिवाईडर पर ऊंचे-ऊंचे पोल में एलईडी लाईट लगाई गई है। डिवाईडर के बीच के हिस्से चम्पा फूल के पौधे लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने केनाल रोड के लोकार्पण के बाद यहां रोड शो भी किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजदू लोगों ने खुशी से हवा में हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

Related Posts