दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र में बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए व्यापक स्तर पर बकाया वसूली अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में दुर्ग वृत्त के अंतर्गत विगत दस दिनों में चार बार एकदिवसीय माॅस डिसकनेक्शन अभियान चलाकर 499 बकायेदार उपभोक्ताओं से 45 लाख 56 हजार रुपए की वसूली की गई। समझाइश के बाद भी बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 660 बकायेदारों की बिजली लाईन काट दी गई है।
उल्लेखनीय है कि दुर्ग वृत्त के अंतर्गत विद्युत संभाग दुर्ग एवं भिलाई में दिनांक 10 एवं 17 जनवरी 2023, बालोद संभाग में दिनांक 11 जनवरी 2023 तथा विद्युत संभाग बेमेतरा एवं साजा में दिनांक 18 जनवरी 2023 को विद्युत विच्छेदन एवं बकाया वसूली के लिए सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं लाइन स्टाॅफ की टीम गठित कर माॅस डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान दुर्ग एवं भिलाई संभाग से दिनांक 10 जनवरी 2023 को 127 बकायेदारों से 16 लाख 14 हजार रुपए की वसूली की गई एवं बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 102 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। दिनांक 17 जनवरी 2023 को 148 बकायेदारों से 10 लाख 44 हजार रुपए की वसूली की गई एवं 143 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए।
इसी कड़ी में दिनांक 11 जनवरी 2023 को बालोद संभाग में 61 बकायेदारों से 02 लाख 04 हजार रुपए की वसूली की गई एवं 30 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। दिनांक 18 जनवरी को विद्युत संभाग बेमेतरा एवं साजा में चलाए गए बकाया वसूली अभियान के दौरान 163 बकायेदारों से 16 लाख 58 हजार रुपए की वसूली की गई एवं 385 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए।
अधीक्षण अभियंता सलिल कुमार खरे ने बताया कि विद्युत कंपनी द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं पर की जा रही कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। श्री खरे ने बताया कि बिजली बिल देयको के भुगतान में विलंब होने पर उपभोक्ताओं को बार-बार ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, जिससे वे देयक समय पर जमा कर देवें।
छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.जामुलकर ने बताया कि मैदानी अधिकारी एवं उनकी टीम बकायेदार उपभोक्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर उनसे बिजली बिल जमा करने का अनुरोध कर रहे हैं, इसके बावजूद बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि समय पर बिजली बिल का भुगतान करें एवं अप्रिय विद्युत विच्छेदन की कार्यवाही से बचें तथा नियत समय पर बिजली बिल जमा कर शासन द्वारा बिजली बिल में दी जा रही छूट का भी लाभ उठावें।















