भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 चरण में दूसरी जीत बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की. भारत ने बांग्लादेश को 50 रनों से हराया…
नईदिल्ली (ए)। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 47वें मुकाबले में बांग्लादेश को 50 रनों से हरा दिया. यह सुपर-8 का मैच था, जिसमें जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल का टिकट लगभग कंफर्म कर लिया है. मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग और फिर बॉलिंग में कमाल करते हुए बांग्लादेश को शिकस्त दी. भारत के लिए बैटिंग में हार्दिक पांड्या ने कमाल पारी खेलते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा था और फिर बॉलिंग में कुलदीप यादव ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट झटके।
मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया था, जो उनके लिए बिल्कुल भी ठीक साबित नहीं हुआ. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 196/5 रन बोर्ड पर लगाए थे. फिर लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश 20 ओवर में 146/8 रन ही बना सकी. मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम उस लय में नहीं दिखाई दी, जिससे लगे कि वह जीत हासिल कर लेंगे. बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 40 रन बनाए।
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को ठीक-ठाक शुरुआत मिली. ओपनिंग पर उतरे लिट्टन दास और तंजीद हसन ने पहले विकेट के लिए 35 (27 गेंद) रनों की साझेदारी की. इस पनपती हुई साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने 5वें ओवर की तीसरी गेंद पर लिट्टन दास के विकेट से तोड़ा. दास ने 10 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 13 रन बनाए. फिर टीम ने दूसरा विकेट 10वें ओवर की चौथी गेंद पर तंजीद हसन के रूप में खोया, जिन्हें कुलदीप यादव ने चलता किया. तंजीद ने 31 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 29 रन बनाए।
फिर बांग्लादेश को तीसरा झटका कुलदीप यादव ने 12वें ओवर की पहली गेंद पर तौहीद हृदोय के रूप में दिया. तौहीद 6 गेंदों में सिर्फ 04 रन बना सके. इसके बाद 14वें ओवर की चौथी गेंद पर शाबिक अल हसन को कुलदीप ने पवेलियन वापस भेज दिया. शाकिब ने 7 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 11 रन बनाए. फिर 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने अच्छी पारी खेल रहे बांग्लादेशी कप्तानी नजमुल हुसैन शांतो ने आउट किया. कप्तान शांतो ने 32 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन स्कोर किए।
आगे बढ़ते हुए बांग्लादेश ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर जाकेर अली का विकेट गंवा दिया. जाकेर 4 गेंदों में सिर्फ 01 रन बना सके. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर रिशद हुसैन को वापस पवेलियन भेज दिया. रिशद ने तेज़ पारी खेलते हुए 10 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए. फिर 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अर्शदीप सिंह ने महमूदुल्लाह को आउट कर दिया, जिन्होंने 15 गेंदों में 1 चौके की मदद से 13 रन बनाए।
भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट झटके. इस दौरान उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन खर्चे. बाकी अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को 2-2 सफलताएं मिलीं. वहीं एक विकेट हार्दिक पांड्या ने अपने नाम किया।
















