वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा भी गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं. बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच से पहले रोहित ने रविचंद्रन अश्विन की मेंटरशिप में गेंदबाजी का अभ्यास किया है…
पुणे (ए)। वर्ल्ड कप में टीम इंडिया काफी अच्छे फॉर्म में लग रही है. रोहित शर्मा के नेतृत्व में पहली बार वर्ल्ड कप खेलने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआती तीनों मैचों में जीत हासिल करके टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की है. टीम इंडिया का बैलेंस काफी बढ़िया और मजबूत लग रहा है. इस टीम में शुभमन गिल और रोहित शर्मा जैसे बेहतरीन युवा और अनुभवी खिलाड़ियों की ओपनिंग जोड़ी है. वहीं मध्यक्रम में विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाज मौजूद हैं।
हार्दिक पांड्या और रविंद्र जडेजा के रूप में दुनिया के टॉप ऑल-राउंडर्स भी इस टीम का हिस्सा हैं. इसके अलावा रविचंद्रन अश्विन और शार्दुल ठाकुर के रूप में कुछ ऐसे गेंदबाज भी टीम में हैं, जो जरूरत पड़ने पर ठीक-ठाक बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. ऐसे में अगर टीम इंडिया में किसी चीज की कमी है तो वो कुछ ऐसे बल्लेबाजों की है, जो जरूरत पड़ने पर ठीक-ठाक बल्लेबाजी भी कर सके।
कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ऐसा कर सकते हैं. वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले रोहित ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा भी था कि जरूरत पड़ी तो वो गेंदबाजी भी करेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी अंगुलियों में परेशानी रहती है, इसलिए वह गेंदबाजी नहीं करते, क्योंकि वो नहीं चाहते कि उनकी गेंदबाजी करने के चक्कर में बल्लेबाजी पर कोई फर्क पड़े. हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले अगले मैच से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को नेट्स में गेंदबाजी का अभ्यास करते हुए देखा गया है।
स्टार स्पोर्ट्स के सौजन्य से सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो और फोटो में देखा जा रहा है कि भारतीय टीम के महान ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन नेट्स में रोहित शर्मा को गेंदबाजी के गुण सिखा रहे हैं. पुणे में होने वाले टीम इंडिया के चौथे वर्ल्ड कप मैच से पहले रोहित शर्मा ने रविचंद्रन अश्विन के मेंटरशिप में गेंदबाजी का अभ्यास किया है, जो इस बात का इशारा है कि आने वाले मैचों में कप्तान साहब गेंदबाजी में भी अपना कमाल दिखाते हुए नजर आ सकते हैं।
Today, Captain Rohit Sharma practiced bowling in the nets. pic.twitter.com/6EMs3UXLym
— ROHIT TV™ (@rohittv_45) October 17, 2023
आपको बता दें कि दाएं हाथ के ऑफ-ब्रेक स्पिन गेंदबाज रोहित शर्मा पहले भी गेंदबाजी में कमाल दिखा चुके हैं. रोहित शर्मा ने अपने पूरे करियर में कुल 94 विकेट चटकाएं हैं, जबकि सिर्फ अंतरराष्ट्रीय करियर में उनके नाम पर 11 विकेट दर्ज हैं. रोहित शर्मा ने आईपीएल 2009 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए एक टी20 मैच में हैट्रिक विकेट भी चटकाया था. रोहित ने अभिषेक नायर, हरभजन सिंह और जेपी डुमिनी का विकेट लिया था, और अपनी एकमात्र हैट्रिक हासिल की थी।















