
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व बलौदाबाजार जिला प्रभारी विजय जयसिंघानी ने बलौदाबाजार शहर में भाजपा कार्यकर्ता भक्ति यादव की हत्या के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आक्रोश जताया है, और इस नृशंस हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए भड़के भाजयुमो नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गुंडाराज कायम हो गया है।
विजय जयसिंघानी ने आगे कहा कि बलौदाबाजार में भाजपा कार्यकर्ता भक्ति यादव की उसके घर सामने ही आधा दर्जन गुंडों के द्वारा हत्या कर दी गई है, वहीं अपराधी अबतक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे यह साबित होता है कि राज्य में अपराधियों पर कोई नियंत्रण नही रह गया है।
भाजयुमो नेता ने पिछले दिनों कुरूद में हुए जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव की हत्या का प्रयास और बेमेतरा में जिले में नाबालिग लड़की से बलात्कार की नाकाम कोशिश के बाद उसको जिंदा जला देने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में गुंडाराज कायम हो गया है, राज्य में महिलाएं, किसान नौजवानों सहित सभी परेशान हैं, और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं, उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।
उन्होंने बलौदाबाजार शहर में भाजपा कार्यकर्ता भक्ति यादव को अपनी ओर से श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भक्ति के हत्यारों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करे अन्यथा भाजयुमो विरोध, प्रदर्शन व आंदोलन करने बाध्य होगा।






