भिलाई। पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह “बबलू” को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने से इस्पात नगरी अभिभूत हुआ है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई शहर में अपनों के बीच बबलू के नाम से पहचाने जाने वाले अश्वनी कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक का बैज लगाकर सम्मानित किया। बाल आरक्षक के रूप में सेवा की शुरुआत करने वाले बबलू का निष्कलंक सफर वर्तमान में दुर्ग पुलिस के जिला विशेष शाखा में जारी है।
राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग पुलिस में प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया। राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए उन्हें 26 जनवरी 2021 को नामांकित किया गया था। कोरोना की वजह से अलंकरण समारोह आयोजित करने में थोड़ा विलम्ब हुआ, लेकिन अब जब गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों बबलू को राष्ट्रपति पुलिस पदक मिला तो इस्पात नगरी के हर एक शख्स का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
स्वयं मुख्यमंत्री बघेल ने भी बबलू के छाती पर पदक लगाते हुए मुस्कान बिखेरते एक तरह से उन्हें शाबाशी के साथ आशीर्वाद प्रदान किया। बबलू को राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजे जाने का खबर सोशल मीडिया पर भी छाया रहा। खासकर भिलाई वासियों ने उनकी इस उपलब्धि को गर्व के साथ सराहना करने में कोई कंजूसी नहीं बरती।
12 दिसम्बर 1988 को बाल आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत करने वाले अश्वनी कुमार सिंह भिलाई शहर और खासकर टाउनशिप क्षेत्र में बबलू के उपनाम से लोकप्रिय हैं। 13 दिसम्बर 1996 को आरक्षक और फिर 5 जून 2012 को उनकी पदोन्नति प्रधान आरक्षक के रूप में हुई। 26 वर्ष की पुलिस सेवा के दौरान उन पर किसी भी तरह का आरोप लगा और न ही कोई शिकायत हुई।
उनका निष्कलंक सेवा का सफर अब भी जारी है। उन्हें 1997 में स्वतंत्रता दिवस के 50 वीं वर्षगांठ पर स्वर्ण जयंती पदक और वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना पदक से नवाजा गया है। इसके अलावा 26 जनवरी 2021 को शपथ फाउंडेशन की ओर से भिलाई रत्न, तात्कालीन पुलिस महानिदेशक डी एम अवस्थी द्वारा छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी सम्मान, 15 अगस्त 2015 को तात्कालीन मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय द्वारा जिला समारोह में एवं मार्गदर्शक वरिष्ठ कल्याण मंच द्वारा सम्मानित किया गया है।

26 साल के सेवाकाल के दौरान प्रधान आरक्षक अश्वनी कुमार सिंह को लगभग 450 से अधिक सम्मान मिले हैं, जिसमें प्रशस्ति पत्र, सम्मान पत्र एवं नगद पुरस्कार शामिल है।















