प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे के दौरान कलबुर्गी में बच्चों से मिले. पीएम मोदी ने बच्चों से सवाल किया कि वो आगे क्या बनना चाहते हैं?
कलबुर्गी (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर्नाटक चुनाव को लेकर राज्य के दौरे पर हैं. पीएम मोदी ने मंगलवार 2 मई को कलबुर्गी में रोड शो से पहले बच्चों से मुलाकात की. वो बच्चों से मिलने के दौरान मजाकिया अंदाज में दिखे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों से ऊंगली से कई आकृति बनाने को कहा. जिसे कि बच्चों ने करके दिखाया. वी़डियो में दिख रहा है कि इसके बाद पीएम मोदी ने बच्चों से सवाल किया कि वो क्या बनना चाहते हैं? इस पर एक बच्चे ने जवाब दिया कि वो डॉक्टर बनना चाहता है तो दूसरे ने कहा कि वो पुलिस वाला बनना चाहता है।
इसके बाद पीएम मोदी ने बच्चों से पूछा कि क्या आपका प्रधानमंत्री बनने का मन नहीं करता तो एक लड़के ने कहा कि आपके जैसा बनने का मन करता है. बता दें कि उन्होंने रोड शो के दौरान सड़क के दोनों तरफ खड़े उत्साही लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
मल्लिकार्जुन खरगे के गृह जिले में हुआ रोड शो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तरी कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गृह जिले कलबुर्गी में एक बड़ा रोड शो किया. खरगे का मोदी की तुलना एक जहरीले सांप से करने और उनके विधायक-पुत्र और पूर्व मंत्री प्रियंक खरगे के उन्हें नालायक करार देने के कुछ दिन बाद उनका यह रोड शो हुआ है।
एक सजे-धजे खुले वाहन में सवार पीएम मोदी ने बीजेपी की भगवा टोपी पहन रखे थी और अपने गले में पीली शॉल लपेट रखी थी. उनके साथ कलबुर्गी से बीजेपी सांसद उमेश जाधव और केंद्रीय रसायन व उर्वरक राज्य मंत्री भगवंत खुबा भी थे।









