कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल में चौथे चरण के चुनाव से पहले बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का एक ऑडियो लीक किया है, जिसमें वह क्लबहाउस ऐप पर चुनिंदा पत्रकारों से चर्चा करते हुए कह रहे हैं कि राज्य में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक समान लोकप्रिय हैं। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ऑडियो ट्वीट किया है। प्रशांत किशोर यह भी कह रहे हैं कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर है और 50% से अधिक हिन्दू मोदी की वजह से बीजेपी को वोट करेंगे। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि ऑडियो का चुनिंदा हिस्सा लीक करने के बजाय बीजेपी को पूरा ऑडियो डालना चाहिए।
वायरल ऑडियो क्लिप पर प्रशांत किशोर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा, ‘यह खुशी की बात है कि बीजेपी के लोग मेरे क्लबहाउस चैट को अपने नेताओं के संबोधन से अधिक महत्व देते हैं। यह हमारे चैट का एक छोटा हिस्सा है। उनसे अपील है कि पूरा हिस्सा जारी करें।’
अमित मालवीय ने एक के बाद एक कुल चार ट्वीट किए हैं। मालवीय ने लिखा है, ”क्लबहाउस की एक सार्वजनिक बातचीत में, ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार का मानना है कि टीएमसी के आंतरिक सर्वेक्षणों में भी भाजपा जीत रही है। वोट मोदी के लिए है, ध्रुवीकरण एक वास्तविकता है। बंगाल की 27 प्रतिशत आबादी मतुआ समुदाय भाजपा के लिए वोट कर रही है। बीजेपी के पास जमीन पर कैडर है।”
अमित मालवीय ने आगे लिखा, ”ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार यह मान रहे हैं कि वाम, कांग्रेस और टीएमसी ने पिछले 20 वर्षों में मुस्लिम तुष्टिकरण किया है। इसके चलते जमीन पर आक्रोश है और हिंदुओं का ध्रुवीकरण हुआ है। बोलने वालों को एहसास नहीं था कि चैट सार्वजनिक थी!”
In a public chat on Club House, Mamata Banerjee’s election strategist concedes that even in TMC’s internal surveys, BJP is winning.
The vote is for Modi, polarisation is a reality, the SCs (27% of WB’s population), Matuas are all voting for the BJP!
BJP has cadre on ground. pic.twitter.com/3ToYuvWfRm
— Amit Malviya (@amitmalviya) April 10, 2021
अमित मालवीय ने एक और चैट की बातचीत को अपने शब्दों में लिखा, ”मोदी बंगाल में बेहद लोकप्रिय हैं और इसमें कोई शक नहीं है। देश भर में उनके फॉलोअर्स हैं। ममता बनर्जी के रणनीतिकार ने कहा कि टीएमसी के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी है, ध्रुवीकरण एक वास्तविकता है।”
सोशल मीडिया में वायरल इस चैट को लेकर बीजेपी की तरफ से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। भाजपा नेता राजीव बनर्जी ने कहा, ”जिस दिन प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया था कि भाजपा 3 अंकों में नहीं पहुंचेगी, अगले दिन मैंने कहा था कि TMC 3 अंकों में नहीं पहुंचेगी। प्रशांत किशोर के ऑडियो टेप से साफ है कि वे फेल हैं। बंगाल में रणनीतिकार की रणनीति काम ही नहीं करेगी।” वहीं, भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा है कि प्रशांत किशोर जानते हैं कि मोदी जी बेस्ट हैं और मोदी जी के नेतृत्व में सोनार बांग्ला होगा।















