BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा: छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में तेज हवाओं के आसार

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। इसके प्रभाव से आंध्र समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश हो रही है। हिमाचल, राजस्थान में बादल जमकर बरसे। कई रास्ते बंद होने और बाजारों-दुकानों में पानी घुसने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। IMD ने अत्यधिक भारी बारिश को लेकर कुछ राज्यों में रेड अलर्ट, जबकि उसके बाद के दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है…

 

कोलकाता (ए)। पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदल गया है और चक्रवात का खतरा पैदा हो गया है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश हो रही है और कम से कम अभी अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में भी मूसलाधार बारिश हो रही है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के दो दिन में चक्रवात में बदलने का खतरा है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों, दक्षिण ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी झारखंड और छत्तीसगढ़ और पूर्वी तेलंगाना में जोरदार बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं भी चलने का अनुमान है। आईएमडी ने सोमवार को इन राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उसके बाद के दो  दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट है।

उधर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन हुए हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग 5 (भारत-तिब्ब्त मार्ग) समेत 60 से अधिक सड़कें बंद हैं। मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, लेकिन पहाड़ से लगातार पत्थर गिरते रहने से रास्ता साफ करने में दिक्कतें आ रही हैं। राज्य में 11 बिजली आपूर्ति और एक जल आपूर्ति योजना भी ठप पड़ी है। शनिवार से भारी बारिश हो रही है।

ऊना में सबसे अधिक 48 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। राजस्थान में राजधानी जयपुर, अजमेर, अलवर, बूंदी, झालवाड़, करौली, सिरोही और टोंक जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा दर्ज की गई है। अलवर में 11 सेमी तक वर्षा हुई है। अजमेर में रविवार तड़के भारी बारिश होने से कई इलाकों में पानी भर गया है। विशेषतौर पर निचले इलाकों में सबसे बुरा हाल है।

सड़कों पर दरिया बह रही है और लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कुछ निचले इलाकों में बाजारों और दुकानों में पानी घुस गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अजमेर में 10 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Related Posts