BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

प्रेस पुलिस श्रीगणेश चतुर्थी मिलन समारोह: दुर्ग पुलिस अब लोगों को आत्महत्या करने से बचाएगी, विभाग जल्द ही जारी करेगी हेल्पलाइन नंबर- एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव

भिलाई। जल्द ही दुर्ग पुलिस अब लोगों को आत्महत्या करने से भी बचाएगी। दुर्ग पुलिस विभाग जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर शुरू करने जा रहा है जिसमें ऐसे लोग फोन कर सकेंगे जो किसी वजह से परेशान है और उनके मन में आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं। ऐसे लोगों के पास तत्काल रेस्क्यू टीम पहुंचेगी और उन्हें साइकोलॉजिस्ट के पास लेकर जाएगी ताकि उनकी बेहतर काउंसिलिंग हो सकें। यह सब बातें दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बुधवार को प्रेस पुलिस श्रीगणेश चतुर्थी मिलन समारोह में कही। एसपी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए अपने चारा माह के कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।

चर्चा में एसपी डॉ अभिषेक ने बताया कि आगामी 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर इस हेल्पलाइन की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि 112 की तरह इसका भी नंबर जारी होगा। जिसमें लोग कॉल कर मदद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि यदि किसी के मन में आत्महत्या को लेकर कोई विचार भी आता है तो वह उस नंबर पर कॉल करके मदद ले सकता है या किसी व्यक्ति के व्यवहार से लगता है कि वह आत्महत्या करने जैसा कदम उठा सकता है तो उन्हें भी इस स्थिति से बचाने उनके मित्र, रिश्तेदार और परिजन फोन कर
सकेंगे। इस हेल्पलाइन के शुरू होने के बाद ऐसे लोगों को न सिर्फ सीधे अस्पताल पहुंचाया जाएगा। बल्कि उनकी काउसिलिंग भी की जाएगी, ताकि उनके मन से आत्महत्या करने जैसे नकारात्मक विचार न आए।

चर्चा में एसपी डॉ. पल्लव ने कहा कि इस हेल्पलाइन से उन लोगों को भी फायदा होगा जो अपने मन की बात किसी से शेयर नहीं कर पाते, लेकिन अपनी समस्या का समाधान चाहते हैं साथ ही अगर परिवार और दोस्तों के बीच कोई ऐसा सदस्य जिसका व्यवहार बदला नजर आए या ऐसा महसूस हो कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है तो वे लोग उस व्यक्ति की मदद भी इस हेल्पलाइन के जरिए कर सकते हैं।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एसपी डॉ.पल्लव पिछले कुछ दिनों से गृहमंत्री के द्वारा लिए गए समीक्षा बैठक में अवैध कार्यों की सूची जमकर वायरल हो रही जिसे पुलिस अधिकारियों की बैठक में जारी करने की बात कही गई थी इस पर एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल हुई वह गृहमंत्री की ओर से दी ही नहीं गई थी, जब वह स्वयं उस सूची को लेकर गृहमंत्री ताम्रध्जव साहू के पास गए तब स्वयं गृहमंत्री ने उनसे कहा कि यह सूची उन्होंने कभी जारी की ही नहीं, गृहमंत्री ने खुद ही सूची पर सवाल खड़े कर दिए कि इस सूची में उनके हस्ताक्षर या मुहर कहां है?

जिले में अपराध पर नकेल कसने और जनता को सुरक्षा का वातावरण देने एसपी डॉ अभिषेक पल्लव अपनी टीम के साथ लगातार शहर की सड़कों पर मार्कड्रील से लेकर जांच कर रहे हैं। पिछले दिनों बैंक में भी सुरक्षा व्यवस्था देखी थी, वही सड़क पर भी स्वयं खड़े होकर चेकिंग की थी साथ ही पाटन, धमधा में स्वयं पैदल मार्च कर वहा के स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या से रूबरू हो रहे है।

आगे चर्चा करते हुए एसपी डॉ.पल्लव ने कहा की कि सिविक सेंटर सहित कई ऐसे सार्वजनिक स्थल जहां पर लोग सरेआम शराबखोरी कर रहे हैं उन पर अब कार्रवाई होगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष फोकस किया जा रहा है। ट्रैफिक पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के कारण दिक्कत हो रही है फिर भी ट्रैफिक पुलिस अपना बेहतर कार्य करने में लगी हुई है।

इस मिलन समारोह में  एएसपी शहर संजय ध्रुव, एएसपी ग्रामीण अनंत साहू, एएसपी ट्रैफिक विश्वास चंद्राकर, डीएसपी मुख्यालय अभिषेक झा, सीएसपी छावनी कुशलेंद्र पटेल, डीएसपी क्राइम नसर सिद्दीकी, डीएसपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह, सीएसपी संजय पुंढीर, डीएसपी लाइन निलेश द्विवेदी, टीआई विशाल सोन, दुर्गेश शर्मा, मनीष शर्मा, प्रकाश साहू, केके कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

Related Posts