ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ओडिशा की मांग के बारे में चर्चा की…
नईदिल्ली (ए)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार 11 मई को दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करने के बाद लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जहां तक मेरा संबंध है, तीसरे मोर्चे की कोई संभावना नहीं है।
नवीन पटनायक ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ओडिशा की मांग के बारे में चर्चा की. मैंने उनसे श्री जगन्नाथ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बारे में बात की जिसे हम पुरी में स्थापित करना चाहते हैं, एयरपोर्ट पर सीमा चिन्हित किया गया है. भुवनेश्वर में अभी काफी ट्रैफिक हो रहा है तो हम वहां का विस्तार करना चाहते हैं, प्रधानमंत्री ने मदद करने का आश्वासन दिया है।
नीतीश कुमार से भी की थी मुलाकात ओडिशा के मुख्यमंत्री चार दिवसीय दौरे पर बुधवार शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे. नवीन पटनायक ने इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव से एक महीने पूर्व 30 मई, 2022 को मोदी से मुलाकात की थी. गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं।
एक घंटे तक हुई थी दोनों नेताओं की बातचीत इसी के तहत नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की थी. दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई थी. दोनों मुख्यमंत्रियों ने दावा किया था कि बैठक के दौरान अगले साल लोकसभा चुनाव के लिए जद (यू) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन बनाने पर कोई चर्चा नहीं हुई।
सीएम नवीन पटनायक ने क्या कहा था? सीएम पटनायक ने कहा था कि आज किसी भी गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं हुई. मुझे खुशी है कि नीतीश जी भुवनेश्वर आए. जब हम अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में थे, तब से पुराने दोस्त और सहयोगी हैं. पटनायक ने कहा कि ओडिशा सरकार भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिये आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं के निर्माण को लेकर बिहार सरकार को मुफ्त में 1.5 एकड़ जमीन मुहैया कराएगी।









