यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के करीबी रिश्तेदार के विवाह समारोह में भी शामिल होने की संभावना है…




नईदिल्ली (ए)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया और बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं. प्रधानमंत्री से योगी की यह मुलाकात आदित्यनाथ सरकार के एक साल पूरा होने से कुछ दिन पहले हुई है. राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में आदित्यनाथ का यह दूसरा कार्यकाल है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के करीबी रिश्तेदार के विवाह समारोह में भी शामिल होने की संभावना है. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद योगी ने ट्विटर पर लिखा, ”आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उनका आत्मीय मार्गदर्शन प्राप्त किया. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी.”
बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल 25 मार्च को पूरे प्रदेश में धूम-धाम से मनाया जाएगा. भाजपा और सरकार ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी है. योगी 2.0 का पहला साल पूरा होते ही योगी 6 साल 6 दिन के सीएम हो जाएंगे. इस अवसर पर एक तरफ जहां सीएम योगी राजधानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. वहीं जनपदों में प्रभारी मंत्रियों के नेतृत्व में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी।
राजधानी में आयोजित होने वाली प्रेस कांफ्रेंस में सीएम योगी के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. इस दौरान सीएम योगी अपनी सरकार की छह साल की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखेंगे। संभावना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी अपनी सरकार के छह सालों के कार्यकाल में प्रदेश में आए बदलावों के बारे में बताएंगे. साथ ही बेहतर हुई कानून व्यवस्था से प्रदेश में बने निवेश अनूकूल माहौल और उनसे सृजित होने वाले रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों बारे में जानकारी देंगे।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1635644368739774469?t=-tgFFlOJj4a4gGYOqrEXAQ&s=19















