गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की थी, सोमवार को भूपेंद्र पटेल ने लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है…
गांधीनगर (ए)। गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भूपेंद्र पटेल को पीएम मोदी ने बधाई दी है. भूपेंद्र पटेल ने सोमवार (12 दिसंबर) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भूपेंद्र पटेल का यह लगातार दूसरा कार्यकाल है. राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित समारोह में भूपेंद्र पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भूपेंद्र भाई पटेल जी को बहुत-बहुत बधाई. मैं उन सभी को भी बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने मंत्री के रूप में शपथ ली. यह एक ऊर्जावान टीम है जो गुजरात को और भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”
सीएम भूपेंद्र पटेल के साथ-साथ बीजेपी विधायक कनू भाई देसाई, ऋषिकेश पटेल, राघवजी पटेल और बलवंत सिंह राजपूत ने मंत्रिमंडल सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की है. वहीं विधायक हर्ष सांघवी और जगदीश विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली. कुंवरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, कुबेर डिंडोर, भानुबेन बावरिया ने भी मंत्रिमंडल सदस्य के तौर पर शपथ ली. परसोत्तमभाई ओधवजीभाई सोलंकी, बच्चूभाई खाबाद, मुकेश पटेल, प्रफुल्ल पंशेरिया, भीखूसिंह परमार और कुंवरजी हलपति ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।
गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 182 में से 156 सीटें हासिल कर रिकॉर्ड जीत हासिल की है. ये गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की लगातार सातवीं जीत है. कांग्रेस को 17 सीटें और आम आदमी पार्टी (आप) को पांच सीट पर जीत मिली है।
Congratulations to Shri Bhupendrabhai Patel on taking oath as CM of Gujarat. I would like to also congratulate all those who took oath as Ministers. This is an energetic team which will take Gujarat to even newer heights of progress. @Bhupendrapbjp pic.twitter.com/olOkELJCpA
— Narendra Modi (@narendramodi) December 12, 2022















