लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक के बीच पहला कॉरिडोर होगा, जिसकी लंबाई 8.4 किलोमीटर होगी। वहीं, दूसरा कॉरिडोर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच होगा…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास किया। दिल्ली में बनने वाले दोनों कॉरिडोर में से एक कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक तक और दूसरा इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक होगा। इन पर 8400 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बता दें कि कल यानी बुधवार को ही केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली में दो नए मेट्रो कॉरिडोर को मंजूर दी है। केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक के बाद बुधवार को केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक के बीच पहला कॉरिडोर होगा, जिसकी लंबाई 8.4 किलोमीटर होगी। वहीं, दूसरा कॉरिडोर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच होगा जिसकी लंबाई 12.4 किलोमीटर होगी। इन दोनों कॉरिडॉर का काम मार्च 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा।
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर ग्रीन लाइन का विस्तार है। ग्रीन लाइन के एक्सटेंशन के साथ ही इस रूट पर रेड, येलो, एयरपोर्ट लाइन, मैजेंटा, वॉयलेट और ब्लू लाइनों के साथ इंटरचेंज की सुविधा होगी। इस रूट के विस्तार के साथ ही यात्रियों को इंटरचेंज स्टेशनों के और भी अधिक विकल्प मिल जाएंगे।
















