पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए राज्य सरकार ने कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन कैमरों पर रोक लगा दी है। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी करीब 28,980 करोड़ की कई बिजली परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित और शिलान्यास भी करेंगे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा का दौरा करेंगे। वह पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर शहर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान 68,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए राज्य सरकार ने कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन कैमरों पर रोक लगा दी है।
राज्य के मुख्य सचिव पीके जेना की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया। बैठक में डीजीपी अरुण कुमार सारंगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी दोपहर में झारसुगुड़ा हवाईअड्डे पहुंचेंगे, जहां से वह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से संबलपुर जाएंगे। उनका दोपहर करीब 2:15 बजे आईआईएम-संबलपुर पहुंचने का कार्यक्रम है।
संबलपुर के एसपी मुकेश कुमार भामू ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए 70 प्लाटून के अलावा 250 अधिकारी तैनात किए गए हैं। एक प्लाटून में 30 जवान शामिल होते हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जगदीशपुर-हल्दिया और बोकारो-धामरा पाइपलाइन परियोजना (जेएचबीडीपीएल) के 412 किमी लंबे धामरा अंगुल पाइपलाइन खंड का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा के तहत 2,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह परियोजना ओडिशा को राष्ट्रीय गैस ग्रिड से जोड़ेगी।
















