BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के दौरे पर: नगरनार स्टील प्लांट करेंगे देश को समर्पित, यहां देखें मिनट-टू मिनट-कार्यक्रम

पीएमओ ने एक बयान में कहा कि पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से राज्य में 26,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा तेलंगाना के निजामाबाद में 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे…

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी राज्यों छत्तीसगढ़ और तेलंगाना को आज 34 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से राज्य में 26,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा तेलंगाना के निजामाबाद में 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

पीएमओ के बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं से आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। इसमें कहा गया है कि बस्तर जिले के नगरनार में एनएमडीसी स्टील प्लांट को देश को समर्पित करेंगे। 23,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने इस ग्रीनफील्ड प्लांट में उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात का उत्पादन होगा। इसके साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे। इसके अलावा जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच दोहरीकरण रेल लाइन और अंतागढ़ व तारोकी के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे।

छत्तीसगढ़ में सभी राजनीतिक दलों की चुनावी सभा और तैयारियों जोरों पर हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को जगदलपुर दौरे पर आ रहे हैं। वो सेना के विशेष विमान से सुबह करीब 10:55 पर जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पीएम के जगलपुर में दो कार्यक्रम होंगे। पहला कार्यक्रम सरकारी होगा, जिसमें वो विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके लिए दो मंच बनाए गए हैं। इसके बाद वो लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री 3 दिन के अंदर दूसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इस बार का उनका बस्तर दौरा ऐतिहासिक होगा और इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो जाएगा। दरअसल, पीएम मोदी जगदलपुर के नगरनार स्टील प्लांट को देश को समर्पित करेंगे। नगरनार में बना एनएमडीसी का स्टील प्लांट देश के सबसे बड़े स्टील प्लांटों में शुमार है।

यहां देखें, पीएम मोदी का मिनट-टू मिनट-कार्यक्रम 

  • प्रधानमंत्री का विशेष विमान सुबह 8:35 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरेगा।
  • सेना का ये विशेष विमान सुबह करीब 10:55 मिनट पर जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा
  • पीएम मोदी का काफिला एयरपोर्ट से लालबाग पहुंचेगा।
  • सुबह 11.15 बजे सरकारी कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण
  • 35 मिनट तक चलेगा सरकारी कार्यक्रम
  • 11:35 मिनट पर प्रधानमंत्री लालबाग से रवाना होंगे
  • दोपहर 12 बजे चुनावी सभा और परिवर्तन संकल्प रैली में शामिल होंगे
  • दोपहर 12:50 पर सभा खत्म होगी
  • इसके बाद पीएम कर्नाटक के लिए रवाना होंगे

एक नजर में नगरनार स्टील प्लांट

  1. प्लांट का दो-दो बार हो चुका है भूमिपूजन
  2. 23 सितंबर 2003 को तत्कालीन उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आड़वाणी ने रखी थी आधारशीला
  3. उस समय रोमेल्ट तकनीकी पर आधारित 1 लाख टन सालाना उत्पादन क्षमता वाला प्लांट था
  4. 3 सितंबर 2008 को तत्कालीन केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने दूसरी बार रखी थी आधारशिला
  5. नगरनार में बना है एनएएमडीसी का स्टील प्लांट
  6. देश के सबसे बड़े स्टील प्लांटों में शामिल
  7. पहले फेज में ही नगरनार से 3 मीलियन टन स्टील का होगा उत्पादन होगा
  8. 23 हजार 800 करोड़ की लागत से तैयार
  9. स्टील प्लांट में रहेंगे पांच हजार नियमित अधिकारी-कर्मचारी
  10. कर्मचारियों के लिए प्लांट के पास ही नगरनार में बनी स्टील सिटी
  11. प्रदेश के करीब 30 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
  12. बस्तर की बदलेगी सूरत
  13. अब ‘नक्सलगढ़’ नहीं ‘स्टीलगढ़’ के रूप में होगा फेमस
  14. देश में इंडस्टीयल हब के रूप में बनेगा पहचान
  15. पहले चरण  में 1700 टन कोक, 985 टन सिंटर, 270 टन लौह अयस्क और 245 टन फलक्स को लोड करके ब्लास्ट फर्नेस होगा शुरू

उधर, तेलंगाना में प्रधानमंत्री मोदी एनटीपीसी के तेलंगाना सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के 800 मेगावाट के बिजली उत्पादन इकाई के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मनोहराबाद और सिद्दीपेट के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन और धर्माबाद-मनोहराबाद एवं महबूबनगर-कुर्नूल के बीच रेल लाइन विद्युतीकरण की सौगात देंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

Related Posts