प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को क्रांतिधरा मेरठ से चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम मोदी पश्चिम से ही पूरे देश में सियासी पारा गरमाएंगे। वहीं, पीएम मोदी की रैली को लेकर चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की गई है…
मेरठ (ए)। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को क्रांतिधरा मेरठ से शंखनाद करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे। ये रैली इस लिहाज से भी खास होने जा रही है क्योंकि 15 साल बाद रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह प्रधानमंत्री के साथ दूसरी बार मंच साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली शाम को तीन बजे मोदीपुरम स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान पर होगी। ऐसा तीसरी बार होगा, जब मोदी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत मेरठ से करेंगे।
वहीं, रैली की व्यवस्था एसपीजी ने संभाल ली है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। एडीजी सुरक्षा, एडीजी मेरठ जोन सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। रैली स्थल पर 15 सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
















