प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने कर्नाटक में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, कर्नाटक में अगले दो महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं…
बेंगलुरु (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार 12 मार्च को कर्नाटक में 10 लेन के बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. इस परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग-275 के बेंगलुरु-निदाघट्टा-मैसूर खंड को छह लेन का बनाना शामिल है. 119 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को लगभग 8,480 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन के बाद एक रैली को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज कर्नाटक की जनता मुझे आशीर्वाद दे रही है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार कर्नाटक में लगातार विकास कर रही है. पीएम ने कहा कि आज पूरे देश भर में बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे की चर्चा हो रही है, सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल हो गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, कर्नाटक की जनता का प्यार डबल इंजन की सरकार ब्याज सहित चुकाएगी. उन्होंने कहा कि आज इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से देश के युवा गर्व से भरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि देश में ऐसे और एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे. पीएम ने कहा कि अब बेंगलुरु से मैसूर तक समय आधे से भी कम हो गया है।
‘लोग भारी ट्रैफिक की शिकायत करते थे, लेकिन अब…’प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “बेंगलुरु और मैसूर कर्नाटक के महत्वपूर्ण शहर हैं. एक टेक्नोलॉजी के लिए जाना जाता है तो दूसरा ट्रेडिशन के लिए. दोनों शहरों को तकनीक के माध्यम से जोड़ना काफी महत्वपूर्ण है.” उन्होंने कहा कि लंबे समय से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोग भारी ट्राफिक की शिकायत करते थे, लेकिन अब इस एक्सप्रेसवे से यह दूरी केवल एक घंटे में पूरी की जाएगी।
‘कांग्रेस ने गरीब आदमी को तबाह कर दिया’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब के समय में उन्होंने गरीब आदमी को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी. जो पैसा गरीब के विकास के लिए था उसके हजारों करोड़ रुपए कांग्रेस की सरकार ने लूट लिया था. कांग्रेस को कभी गरीब के दुख दर्द से कोई फर्क नहीं पड़ा है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘मोदी की कब्र खोदने’ का सपना देख रही है. कांग्रेस ‘मोदी की कब्र खोदने’ में व्यस्त है जबकि मोदी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने और गरीबों के जीवन को आसान बनाने में व्यस्त है।
‘जब आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया…’प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में जब आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया तो देश में गरीब का दुख-दर्द समझने वाली संवेदनशील सरकार बनी. इसके बाद बीजेपी की केंद्र सरकार ने पूरी ईमानदारी से गरीब की सेवा करने का प्रयास किया. उन्होंने कहा, “गरीब के जीवन से मुश्किल कम करने का लगातार प्रयास किया।”
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने मैसूरु-कुशलनगर के बीच चार लेन के राजमार्ग की आधारशिला भी रखी. 92 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना को तकरीबन 4,130 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा. यह परियोजना बेंगलुरु के साथ कुशलनगर की कनेक्टिविटी को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उनके बीच यात्रा के समय को करीब पांच घंटे से घटाकर सिर्फ ढाई घंटे करने में मदद करेगी।
#WATCH | Congress is dreaming of 'digging a grave of Modi'. Congress is busy in 'digging a grave of Modi' while Modi is busy in building Bengaluru-Mysuru Expressway & easing the lives of poor: PM Modi in Mandya #KarnatakaElections2023 pic.twitter.com/sCA140Xwex
— ANI (@ANI) March 12, 2023















