BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 19-20 अक्टूबर को गुजरात दौरा: एशिया की सबसे बड़ी हथियारों की प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन

गुजरात के गांधीनगर में होने वाला ये डिफेंस एक्सपो कल से शुरू हो जाएगा लेकिन इसका उद्घाटन 19 अक्टूबर को होगा, इस को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे…

नईदिल्ली (ए)। गुजरात चुनावों के ऐलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  19 और 20 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे. पीएम मोदी बुधवार को गांधीनगर में डिफ़ेंस एक्सपो का उद्घाटन करेंगे. डिफेंस एक्सपो (डेफएक्सपो 2022) 18 से 22 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी. इसके बाद पीएम मिशन स्कूल ऑफ़ एक्सेलेंस की शुरुआत करेंगे. फिर जूनागढ़ में कई परियोजनाओं की आधारशिला और लोकार्पण भी करेंगे।

पीएम मोदी के गुजरात दौरे का शेड्यूल:-

19 अक्टूबर
सुबह 09:45 बजे गांधीनगर में डिफ़ेंस एक्सपो का उद्घाटन करेंगे.
दोपहर 12 बजे अदलज में मिशन स्कूल ऑफ़ एक्सेलेंस की शुरुआत करेंगे.
पीएम इसके बाद जूनागढ़ जाएंगे. 3:15 बजे वहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
शाम 6:00 बजे राजकोट में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

20 अक्टूबर
सुबह 9:45 बजे पीएम केवड़िया में मिशन लाइफ़ का शुभारंभ करेंगे.
दोपहर 12:00 बजे दसवीं हेड्स ऑफ मिशन कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे.
शाम 3:45 बजे वयारा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार ने कहा, ‘‘डिफेंस एक्सपो का यह 12वां संस्करण देश में सबसे बड़ा होगा, इसका विषय ‘पाथ टू प्राइड’ (गौरव का पथ) होगा. यह रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की हमारी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा. इसका उद्घाटन 19 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे.” कुमार ने कहा, ‘‘इस डिफेंस एक्सपो का पैमाना देश में इस तरह के किसी भी पिछले आयोजन से बड़ा होगा. एक्सपो के दौरान अब तक 400 एमओयू को हस्ताक्षर करने के लिए अंतिम रूप दिया जा चुका है, जिससे 1.25 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा. यह निवेश प्रतिबद्धता और एमओयू संख्या पिछले एक्सपो में हुए समझौतों से दोगुने हैं।”

उन्होंने कहा कि गुजरात की कंपनियां 33 एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगी, जिससे राज्य में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है. उन्होंने एक्सपो में 1,320 से अधिक रक्षा कंपनियां भाग लेंगी, जो एक लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि करीब 1,028 कंपनियों ने पिछले रक्षा एक्सपो में हिस्सा लिया था, जबकि वर्तमान संस्करण में 25 देशों के रक्षा मंत्री और 75 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कुमार ने कहा, ‘‘तीन चीजें एक्सपो की मुख्य विशेषताएं होंगी।

एचएएल द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित ट्रेनर विमान एक्सपो में पहली बार प्रदर्शित किया जाएगा, गुजरात के दीसा में नव विकसित हवाई अड्डे का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया जाएगा और रक्षा उत्पादन के लिए 75 चुनौतियां स्टार्ट-अप और उद्योगों के लिए खोली जाएंगी.” अतिरिक्त सचिव (रक्षा उत्पादन) संजय जाजू ने कहा कि भारत-अफ्रीका रक्षा वार्ता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित की जाएगी जिसमें 50 से अधिक अफ्रीकी देशों की भागीदारी होगी. उन्होंने कहा कि अलग से हिंद महासागर क्षेत्र प्लस (आईओआर+) सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 40 देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

क्या बोली कंपनी?
मंगलवार से गुजरात की राजधानी गांधीनगर में होने जा रहे डेफ-एक्सपो 2022 (18-22 अक्टूबर) रक्षा प्रदर्शनी का 12वां संस्करण है जो दो साल में एक बार होता है. खास बात ये है कि इस साल डिफेंस एक्सपो में सिर्फ स्वदेशी कंपनियां ही हिस्सा ले रही हैं या फिर वही विदेशी कंपनियां यानी ओईएम (ऑरिजनल इक्यूपमेंट मैन्युफैक्चर्र) हिस्सा ले रही हैं जिनका किसी भारतीय कंपनी से ज्वाइंट वेंचर है या फिर उनकी सबसेडरी (सहायक) कंपनी भारत में है.

किन देशों के प्रतिनिधि कर रहे हैं शिरकत?
इस साल डिफेंस एक्सपो में कु‌ल 1340 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं. इसके अलावा 10 राज्यों के पैवेलियन भी डिफेंस एक्सपो मे दिखाई पड़ेंगे. इस‌‌ साल 33 देशों के मंत्रियों सहित कुल 75 देशों की प्रतिनिधि शिरकत कर रहे हैं. डिफेंस एक्सपो कुल एक लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है. ऐसे में ये डिफेंस-एक्सपो अब तक का सबसे बड़ा होने जा रहा है. इस‌ साल डिफेंस एक्सपो में 47 नए हथियार और उपकरण लॉन्च किए जाएंगे तो 349 हथियारों के करार, 18 ट्रांसफर ऑफ टेक्नोलॉजी यानि हथियार बनानी की तकनीक का हस्तांतरण और कम से कम 37 नई घोषणाएं की जाएंगी.

रक्षा प्रदर्शनी के इस साल के संस्करण का मुख्य थीम है ‘पाथ टू प्राइड’ और यह भारतीय एयरोस्पेस तथा रक्षा निर्माण के लिए भारतीय और वैश्विक ग्राहकों के साथ साझेदारी का समर्थन, प्रदर्शन और साझेदारी करके भारत को एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के के अनुरूप है. प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य घरेलू रक्षा उद्योग की ताकत का प्रदर्शन करना तो है ही साथ ही ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ संकल्प को सशक्त बनाना है.

कितनी जगहों पर आयोजित की जाएंगी प्रदर्शनी?
रक्षा प्रदर्शनी गांधीनगर में चार अलग अलग जगहों पर आयोजित की जाएगी. उद्घाटन समारोह और सेमिनार महात्मा मंदिर सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र (एमएमसीईसी) में आयोजित किया जाएगा.

हेलीपैड सेंटर पर हथियारों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी तो साबरमती रिवर फ्रंट (एसआरएफ) में सभी पांच दिनों में लाइव प्रदर्शन होगा. साबरमती फ्रंट पर रोजाना शाम को थलसेना, वायुसेना और नौसेना के कमांडोज़–पैरा एसएफ, गरूड़ और मार्कोस अपनी ऑपरेशन्ल क्षमताओं को प्रदर्शन करेंगे. पोरबंदर में भारतीय तटरक्षक द्वारा आम लोगों के लिए युद्धपोत का दौरा शामिल होगा.

कितने देशों को किया जाएगा आमंत्रित?
गांधीनगर में होने वाली इस रक्षा प्रदर्शनी में भारत-अफ्रीका रक्षा संवाद (आईएडीडी) के दूसरे संस्करण की भी मेजबानी की जाएगी, जिसमें 53 अफ्रीकी देशों को निमंत्रण दिया गया है. लगभग 40 देशों की भागीदारी के साथ एक अलग हिंद महासागर क्षेत्र प्लस (आईओआर +) सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा.

19 अक्टूबर को डिफेंस एक्सपो में पीएम मोदी गुजरात के एक नए एयरबेस, डीसा (बानसकांटा) का उदघाटन भी करेंगे. 19 अक्टूबर की शाम को ही गांधीनगर के आसमान में देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो होगा जिसमें 1640 ड्रोन हिस्सा लेंगे. आईआईटी दिल्ली के स्टार्ट-अप बोटलैब्स द्वारा इस ड्रोन शो को आयोजित किया गया है‌.

पीएम मोदी के स्वागत की तैयारी
अहमदाबाद एयरपोर्ट से लेकर गांधीनगर तक सड़कों पर पीएम मोदी के विक्रांत एयरक्राफ्ट कैरियर पर खड़े हुई तस्वीर के बड़े बड़े होर्डिंग लगे हैं. आपको बता दें कि डेफएक्सपो 2022 पहले 10 -14 मार्च 2022 तक निर्धारित किया गया था

Related Posts