BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की यात्रा के लिए रवाना, अमेरिका भी जाएंगे

डोनाल्ड ट्रंप के साथ पीएम मोदी की यह 8वीं मुलाकात होगी। इसके अर्जेंटीना और जापान में हुए जी20 शिखर सम्मेलन और फ्रांस में हुए जी7 देशों के सम्मेलन सहित दोनों नेता 7 बार मिल चुके हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी AI एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता करने के लिए फ्रांस रवाना हुए। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस में पहले भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करने और अंतर्राष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर प्रायोगिक रिएक्टर परियोजना का दौरा करने के लिए मार्सिले भी जाएंगे। यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी 10 फरवरी से 12 फरवरी तक फ्रांस में रहेंगे
फ्रांस से पीएम मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के न्योते पर अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।

अपनी फ्रांस यात्रा से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘अगले कुछ दिनों में मैं विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस और अमेरिका में रहूंगा। फ्रांस में मैं एआई एक्शन समिट में हिस्सा लूंगा, जहां भारत सह-अध्यक्ष है। मैं भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करूंगा। हम वहां वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करने के लिए मार्सिले भी जाएंगे।’

पीएम मोदी ने कहा, “वाशिंगटन डीसी में, मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए उत्सुक हूं। यह यात्रा भारत-अमेरिका की दोस्ती को मजबूत करेगी और विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देगी। मुझे प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ उनके पहले कार्यकाल के दौरान काम करना अच्छी तरह याद है। मुझे यकीन है कि हमारी बातचीत उस समय की गई चर्चाओं पर आधारित होगी।”

पीएम मोदी 12 से 14 फरवरी तक दो दिवसीय यात्रा पर अमेरिका जाएंगे। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह व्यापारिक नेताओं और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी को दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ली है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका पहुंचने वाले मोदी दूसरे राष्ट्राध्यक्ष होंगे। सबसे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका पहुंचे। वहीं इसी हफ्ते जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा का दौरा भी प्रस्तावित है।

नरेंद्र मोदी सबसे ज्यादा बार अमेरिका जाने वाले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। पिछले 11 साल में ये पीएम मोदी का 10वां अमेरिका दौरा होगा। उनके पहले डॉ. मनमोहन सिंह ने सबसे ज्यादा 8 बार अमेरिका की यात्रा की थी।

इनके अलावा जवाहर लाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी ने 4-4 बार, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने 3-3 बार, पीवी नरसिम्हा राव ने 2 बार, मोरारजी देसाई और इंद्र कुमार गुजराल ने 1-1 बार अमेरिका की यात्रा की है। जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी तीसरे ऐसे भारतीय पीएम होंगे, जिनका तीन अलग-अलग अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने दौरे पर स्वागत किया है।

Related Posts