प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के खंडवा में रैली के दौरान जमकर कांग्रेस को घेरा. इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल विकास के लिए सूबे में बीजेपी की सरकार जरूरी है…
खंडवा (ए)। चुनावी समर में डूबे मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करने के लिए रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खंडवा का दौरा किया. यहां एक आमसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला. इस दौरान पीएम की सभा में हिस्सा लेने निमाड़ के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचे. सभा की शुरुआत करने से पहले प्रधानमंत्री ने मंच से बाबा ओमकार और संत दादा धूनीवाले का जयघोष करते हुए खंडवा को आस्था, श्रद्धा सहित इतिहास और आधुनिकता की संगम स्थली बताया।
सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आप चाहते हैं कि हिंदुस्तान को टॉप-10 में लाएं, लेकिन कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना कर रख दिया था. कांग्रेस ने इसे गड्ढे में डाल दिया था, जिसे बीजेपी ने निकाला है और इसलिए अब एमपी को कांग्रेस के चंगुल से बचाना है. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए इसलिए छटपटा रही है क्यों कि कांग्रेस एमपी में सरकार बनाकर एटीएम बनाना चाहती है, ताकि लोकसभा चुनाव में यहां से वो ट्रैक्टर भर-भर के लूट सके और कांग्रेस हर राज्य में इसी तरह लूट करना चाहती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने खंडवा में सभा के दौरान मंच से कांग्रेस शब्द का मतलब इशारों के साथ बताते हुए कहा कि कांग्रेस यानी गरीब और मध्यम की जेब साफ करना और विकास की गाड़ी को रिवर्स गियर में डालना. इसलिए उन्होंने कांग्रेस से सावधान रहने की अपील भी की. इसके साथ ही प्रदेश के जो युवा इस चुनाव में पहली बार वोट डालने जा रहे हैं, उनको प्रधानमंत्री ने कहा कि वो नौजवान ध्यान रखें, यह उनके खुद के 25 साल का भविष्य तय करने का समय है, इसलिए वे अपना हाथ ऐसे हाथ मे न दें जो बदनाम है।
सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 से पहले कांग्रेस ने खंडवा को पिछड़ा जिला घोषित किया था, लेकिन मोदी सबका साथ लेता है तो सबका विकास भी करता है, इसलिए वे खंडवा के लोगों को ऐसे कैसे छोड़ सकते थे. उन्होंने कहा कि मैं यह पाप नही कर सकता था, इसलिए हमने खंडवा जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया और अब मैं रोज खंडवा के काम को देखता हूं और इसे नई ऊंचाई पर ले जाऊंगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव होंगे और उसमें फिर से बीजेपी की सरकार बनने वाली है, इसलिए एमपी में भी उन्हें बीजेपी की सरकार चाहिए, क्यों की डबल इंजन से ही डबल विकास होता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना काल मे हर तरफ हाहाकार थी. ऐसे वातावरण में काम करना मुश्किल था. लोगों ने सोचा कुछ दिन निकाल लें फिर निकलेंगे, लेकिन उस समय भी मैं 24 घंटे आपके लिए खड़ा रहा था. उन्होंने कहा कि मैंने गरीबी देखी है और मेरा सपना था किसी गरीब के घर चूल्हा बुझना नही चाहिए. आपका बच्चा पेटभर कर सो जाए, इसलिए मोदी जागता रहता था. सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा की उन्होंने 3 साल से एक बेटे के मान से देश के 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया. उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नर्मदा के तट से कह रहा हूं कि फ्री राशन की योजना को बढ़ा दूंगा ताकि 80 करोड़ लोगों के घर का चूल्हा जलता रहेगा।
देश में चल रही पीएम आवास योजना को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि एमपी में 45 लाख लोगों को पक्के घर मिल चुके हैं. वहीं खंडवा में 70 हजार पक्के घर मिले हैं. उन्होंने माता बहनों से अपील करते हुए कहा कि मुझे आशीर्वाद देना, क्योंकि अब जो घर में देता हूं वह माता बहनों के नाम पर देता हूं. हमारी सरकार जो कहती है वह हम करके ही दिखाते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि लोगो की यह जमा हुई भीड़ गारंटी है सरकार बनने की. उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में दर्द हो तो मोदी दवाई लेकर आ जाता है. अब निमाड़ की हर सीट का पोलिंग बूथ जीतना है. जितना ज्यादा बहुमत होगा उतनी तेजी से विकास होगा. इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि आपके मामा आपके काम मे लगे हैं।















