BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पैरालंपिक में पदक विजताओ से पीएम मोदी ने की मुलाकात, स्वर्ण विजेता नवदीप की इच्छा पूरी करने के लिए जमीन पर बैठे पीएम

नवदीप प्रधानमंत्री को खुद से टोपी पहनाना चाहते थे इसलिए मोदी जमीन पर बैठ गए और इस तरह उन्होंने नवदीप की इच्छा पूरी की। पीएम को इस व्यवहार का वहां मौजूद सभी लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पेरिस पैरालंपिक में पदक जीतने वाले पैरा एथलीटों के साथ मुलाकात की और उनसे चर्चा की। इस दौरान भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नवदीप सिंह ने मोदी को टोपी उपहार में देनी चाही, जिसका मान रखते हुए वह जमीन पर बैठ गए। दरअसल, नवदीप प्रधानमंत्री को खुद से टोपी पहनाना चाहते थे इसलिए मोदी जमीन पर बैठ गए और इस तरह उन्होंने नवदीप की इच्छा पूरी की। पीएम को इस व्यवहार का वहां मौजूद सभी लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया।

नवदीप एफ41 वर्ग में 47.32 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर थे, लेकिन ईरान के बेत सयाह सादेघ को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उनके रजत पदक को स्वर्ण में बदल दिया गया था। सयाह को बार-बार आपत्तिजनक झंडा प्रदर्शित करने के लिए अयोग्य घोषित किया गया। वह अपनी हरकतों से स्वर्ण पदक गवां बैठे।

नवदीप ने मुलाकात के दौरान अपने बाएं हाथ के कंधे पर पीएम का हस्ताक्षर भी लिया। प्रधानमंत्री दाएं हाथ पर हस्ताक्षर करने गए तो नवदीप ने उनसे कहा कि यह मेरा थ्रोइंग आर्म है इसलिए मैं यहां आपका हस्ताक्षर चाहता हूं। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि नवदीप तुम भी मेरे जैसे ही बाएं हाथ से काम करने वाले हो।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद नवदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था जिसमें वह थ्रो करने के बाद अतिउत्साह में अपशब्द कहते सुनाई दिए थे। इसी वीडियो के संदर्भ में मोदी ने नवदीप से कहा, ‘तुमने अपना वीडिया देखा। लोग क्या कह रहे हैं, सभी डरते हैं। इतना गुस्सा क्यों आया था?’ इस पर नवदीप ने कहा, ‘सर मैं पिछली बार चौथे स्थान पर रहा था, इस बार आपको वादा करके गया था इसलिए थोड़ा जुनून में आ गया।’ पीएम ने पूछा, ‘बाकी लोग इस पर क्या कह रहे हैं?’ नवदीप ने कहा, ‘सब अच्छा ही बोल रहे हैं क्योंकि देश का नाम रोशन किया।’

पेरिस पैरालंपिक खेलों में इतिहास रचने के बाद आज भारतीय दल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी पैरा एथलीट्स से हंसी मजाक करते नजर आए। उन्होंने इतिहास रचने वाले एथलीट्स और उनके कोच की जमकर तारीफ की। पेरिस पैरालंपिक में रिकॉर्ड 29 पदक जीतने के बाद भारतीय एथलीट्स मंगलवार को देश लौटे थे। भारत ने पेरिस पैरालंपिक में सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य समेत 29 पदक जीते थे।

 

Related Posts