भिलाई। पुलिस विभाग में फोटो एवम् वीडियोग्राफी का कार्य बहुत ही अर्थपूर्ण एवम् सराहनीय है। अपराध के घटना स्थल की फोटोग्राफी अपराध के अनुसंधान का सब से महत्वपूर्ण भाग होता है। दुर्ग जिले में फोटोग्राफी शाखा की स्थापना सन् 1984 के अंतिम महीनो में जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एवम् सेवा निवृत अति. पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्रद्धेय स्व. विजय शंकर चौबे के प्रयासों का ही परिणाम है, जिसे पुलिस मुख्यालय भोपाल मध्यप्रदेश द्वारा जिले के पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई में स्थापित की गई थी। सन् 1985 जनवरी से विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ कर रामगोपाल पटेल द्वारा फोटो एवम् वीडियोग्राफी का कार्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बड़ी लगन, मेहनत उत्साह, निष्ठा, इमानदारी एवम् पूरी व्यवसायिक दक्षता के साथ व्हीव्हीआईपी आगमन एवम् कार्यक्रम, श्रमिक आंदोलन,धरना प्रदर्शन, घटना दुर्घटना, संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु व्यक्तियों के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, त्योहार जुलूस, आगजनी के साथ साथ थानों के अंतर्गत होने वाले विभिन्न प्रकार के मर्ग तथा चोरी डकैती,लूट हत्या, हत्या का प्रयास, आत्महत्या जैसे गंभीर अपराधों के घटना स्थलों की फोटो एवम् वीडियोग्राफी के माध्यम से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित कर अनुसंधानकर्ता अधिकारी को अपराध के अनुसंधान में सार्थक सहयोग करने का कार्य किया जाता रहा।
श्री पटेल फोटोग्राफर के रूप में जिले की फॉरेंसिक टीम का हिस्सा बन कर तत्कालीन वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी फॉरेंसिक (एफ. एस. एल.) स्व. डा. बी.पी.मैथिल के साथ दुर्ग जिले के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार गंभीर अपराधों के घटना स्थलों में पहुच कर आवश्यक एवम् सार्थक कार्यों को किया जाता रहा। श्री पटेल के द्वारा थाना राजहरा के अंतर्गत घटित एक गंभीर अपराध के घटना स्थल से लिए गए फोटोग्राफ को आल इंडिया फोरेंसिक कांफ्रेंस जो 2008 को कोलकाता में आयोजित की गई थी में पेपर प्रजेंटेशन के समय उक्त फोटोग्राफ को सम्पूर्ण भारत में बेस्ट घोषित किया गया। अनेकों प्रकरणों में फोटो एवम् वीडियोग्राफी के द्वारा संकलित महत्वपूर्ण सबूतों को न्यायालय द्वारा सराहा गया।
37 वर्ष की सेवा में करीब 28 वर्ष तत्कालीन फॉरेंसिक के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के साथ लगभग 10,000 गंभीर अपराध स्थलों के अनुसंधान में पटेल के द्वारा महत्वपूर्ण एवम् सराहनीय सहयोग किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा समय समय पर श्री पटेल को उत्कृष्ट एवम् सार्थक तथा सराहनीय कार्यों के लिए सैकड़ों बार पुरुष्कृत एवम् सम्मानित किया गया है।
फोटोग्राफर रामगोपाल पटेल को सबसे पहले बड़ा पुरुस्कार 1987 में मध्यप्रदेश शासन के तत्कालीन वरिष्ट कैबिनेट एवम् दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री स्व डा. कन्हैया लाल शर्मा ने उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश भोपाल के माध्यम से दिया गया था। श्री पटेल को सीन आफ़ क्राइम की अर्थपूर्ण एवम् सार्थक फोटोग्राफी में सराहनीय सेवा के लिए 26 जनवरी 2014 को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। फोटोग्राफर पटेल के द्वारा वरिष्ट अधिकारियों की प्रेरणा से सम्पूर्ण सेवा काल के अंतिम 4 वर्षों में अपने कार्यों के अलावा अलग अलग विषयों में (अपराधिक घटना स्थलों से संबंधित) पुलिस विभाग के लिए उपयोगी सरल हिंदी भाषा में रंगीन सचित्र (6) विभिन्न पुस्तकों क्रमशः (1) दम घुटने से मृत्यु (2)मादक पदार्थों की पहचान और अपराध (3) विष कितना घातक है जीवन के लिए और क्यों (4)जघन्य अपराधो के घटना स्थल निरीक्षण में महत्वपूर्ण बिंदु (5) वन जीवन का श्रोत तथा वन्य जीव अपराध अनुसंधान (6) सायबर अपराधों की दुनिया में हम-आप और तत्संबंधी कानून, का उत्कृष्ट संपादन किया गया। वरिष्ट पुलिस अधिकारियों ने पटेल के द्वारा संपादित पुस्तकों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए अपराध के अनुसंधान में उपयोगी बताया।
दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्री नारायण मीणा, अति पुलिस अधीक्षक शहर संजय कुमार ध्रुव, अति पुलिस अधीक्षक देहात अनंत साहू, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय दुर्ग अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक विश्वास चन्द्राकर एवम् जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों एवम् कर्मचारियों के साथ साथ उन सभी वरिष्ट पुलिस अधिकारियों का पटेल ने आभार व्यक्त किया जिनके स्नेह, आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवम् प्रेरणा से जनवरी 1985 से अक्टूबर 2021 तक सौपे गए कार्यों को पूरा करने में सफलता पाई। श्री पटेल ने आज पुलिस कंट्रोल रूम परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई के माध्यम से किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। दुर्ग भिलाई के फोटो एवम् वीडियोग्राफर साथियों, मीडिया से जुड़े सभी महानुभावों का समय समय में महत्वपूर्ण सहयोग के लिए श्री पटेल ने आभार प्रकट किया। विशेष रूप से अश्वनी सिंह, मोहम्मद सलीम, पुरुषोत्तम यादव, विजेंद्र सिंह, शेख मोहम्मद, नसीम सुल्ताना का निरंतर सहयोग के लिए आभार। रामगोपाल पटेल वरिष्ट पुलिस फोटो एवम् वीडियोग्राफर पुलिस नियंत्रण कक्ष भिलाई जिला दुर्ग छत्तीसगढ़, दिनांक 31/10/2021 को स-सम्मान सेवा निवृत हुए। श्री पटेल अपनी पूरी सेवा से सन्तुष्ट, प्रसन्य एवम् स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे है कि विभाग में अति महत्वपूर्ण कार्य करने का मुझे अवसर मिला।















