
रायपुर। बस्तर संभाग अंतर्गत लगातार जारी नक्सल विरोधी अभियान के तहत दिनांक 18.06.2021 को जिला बस्तर एवं जिला सुकमा के सरहदी क्षेत्र के चांदामेटा, पटेलपारा, गदमेपारा, अण्डालपारा, तुलसी डोंगरी, पयांरभाट एवं आसपास के क्षेत्र में सीपीआई (माओवादी) दरभा डिवीजन अंतर्गत कांगेर घाटी एरिया कमेटी के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला बस्तर एवं जिला दन्तेवाड़ा के डीआरजी टीम, जिला पुलिस बल सुकमा, सीआरपीएफ 80वीं वाहिनी एवं 227वीं वाहिनी का बल नक्सल विरूद्ध अभियान हेतु रवाना किया गया था।
अभियान के दौरान दिनांक 18.06.2021 के प्रातः 08ः00 बजे जिला बस्तर अंतर्गत चांदामेटा एवं पयांरभाट जंगल के मध्य माओवादियों एवं बस्तर डीआरजी के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के पश्चात् सर्चिंग के दौरान 01 वर्दीधारी महिला माओवादी का शव, 01 ए.के.47 रायफल, 02 पिस्टल, 12 बोर बंदूक, 01 भरमार बंदूक, नक्सली साहित्य एवं भारी मात्रा में माओवादी कैम्प की सामग्री बरामद की गई।

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के पश्चात् बरामद किये गये वर्दीधारी महिला माओवादी कैडर के शव की शिनाख्ती PLGA प्लाटून नं. 24 की सदस्या मंगली, निवासी थाना अरनपुर क्षेत्र, जिला दन्तेवाड़ा के रूप में हुई है। मृतिका महिला माओवादी कैडर मंगली दरभा डिवीजन की DVC सुरक्षा टीम में कार्य कर रही थी। घटनास्थल से बरामद किये गये दस्तावेजों के अवलोकन पर माओवादी डेरा में कांगेर घाटी एवं कटेकल्याण एरिया कमेटी के संयुक्त दल की समीक्षा बैठक होना पाया गया। मुठभेड़ में बरामद किये गये ए.के.47 हथियार की पहचान करवाने की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बस्तर दीपक झा, सेनानी 80वीं वाहिनी सीआरपीएफ नरेन्द्र कुमार एवं अन्य अधिकारियों द्वारा मुठभेड़ के पश्चात् बरामद किये गये हथियार एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। सीमावर्ती इलाका में लगातार सुरक्षा बल द्वारा सर्चिंग अभियान जारी है।












