BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी सऊदी अरब दौरा बीच में छोड़ आज दिल्ली लौटे, पहलगाम हमले को लेकर करेंगे उच्च स्तरीय बैठक, आज जम्मू बंद

हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़कर देश लौट रहे हैं। पीएम सऊदी सरकार के रात्रिभोज में भी शामिल नहीं हुए और देश लौटने का फैसला किया…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब से दिल्ली लौट आए हैं। वे आज पहलगाम हमले को लेकर एक हाई लेवल बैठक करेंगे। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब गए थे लेकिन इस आतंकी घटना के बाद दौरा को बीच में ही छोड़कर आज सुबह दिल्ली लौट आए है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर कम से कम 26 लोगों को मार डाला। सेना की वर्दी में आए दहशतगर्दों ने पहलगाम की बायसरन घाटी में पर्यटकों से पहले उनका धर्म पूछा, परिचय पत्र देखे और फिर हिंदू हो कहकर गोली मार दी। 26 मृतकों में ज्यादातर पर्यटक हैं, जबकि दो विदेशी व दो स्थानीय नागरिक शामिल हैं।

हमले में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। हालांकि सरकार ने अभी सिर्फ 16 मौतों की पुष्टि की है। वहीं, सुरक्षा बलों ने देर रात कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हमले के विरोध में आज जम्मू बंद है। आज दिल्ली में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक होने जा रही है। इसकी अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे।

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने की पीएम मोदी से बात की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने X पर लिखा- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले में निर्दोष लोगों की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ट्रंप ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और इस जघन्य हमले के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए भारत को पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। भारत और अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक साथ खड़े हैं।

तीन जुलाई से शुरू होने जा रही श्रीअमरनाथ यात्रा से पहले इस कायराना हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े गुट द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है। फरवरी, 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में यह सबसे बड़ा आतंकी हमला है। उस हमले में  सीआरपीएफ के 47 जवान मारे गए थे।

हमले के बाद सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़कर लौट रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वारदात की कड़ी निंदा की व गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर जरूरी कदम उठाने और कश्मीर पहुंचने के निर्देश दिए। शाह ने तत्काल अपने निवास पर वरिष्ठ अफसरों के साथ बैठक की और फिर श्रीनगर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, बायसरन घाटी में  आतंकी दोपहर करीब तीन बजे घास के मैदान में घुस आए व खाने-पीने की दुकानों के आसपास घूम रहे, टट्टू की सवारी कर रहे पर्यटकों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।

हमले में जख्मी पुणे की आसावरी जगदाले (26) ने कहा, आतंकियों ने उनके पिता संतोष जगदाले (54) को तंबू से बाहर निकाला और कलमा पढ़ने को कहा। जब उनके पिता ऐसा नहीं कर पाए, तो उनके सिर और पीठ में तीन गोलियां दाग दीं। उनके चाचा को भी गोलियों से छलनी कर दिया।

घटनास्थल के कुछ वीडियो सामने आए हैं। इनमें चार लोग जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें एक बच्चा भी है, जबकि कुर्सी पर बैठा एक व्यक्ति खून से लथपथ है। वीडियो में दो महिलाएं लोगों से मदद की गुहार लगाती दिख रही हैं। एक स्थानीय व्यक्ति उन्हें दिलासा दे रहा है।

Related Posts