BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी पहुंचे गुजरात: आज द्वारका मंदिर में पूजा कर करेंगे दिन की शुरुआत, देंगे करोड़ो की सौगात

लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात को करोड़ों की लागत के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के रूप में सौगात मिलने वाली है. पीएम मोदी इन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे, आधारशिला रखेंगे…

राजकोट (ए)। लोकसभा 2024 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (24 फरवरी) से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री करोड़ों रुपये की लागत की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। शनिवार रात को पीएम मोदी ने जामनगर शहर में हवाई अड्डे से सर्किट हाउस तक रोड शो किया. रविवार (25 फरवरी) को पीएम मोदी सौराष्ट्र क्षेत्र के देवभूमि द्वारका और राजकोट जिलों में होने वाले दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे. देवभूमि द्वारका में पीएम मोदी अरब सागर पर बने देश के सबसे लंबे केबल आधारित पुल ‘सुदर्शन सेतु’ को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

पीएम मोदी रविवार (25 फरवरी) को सुबह 7:45 बजे बेयत द्वारका मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे. इसके बाद वह सुबह 8:25 बजे सुदर्शन सेतु का दौरा करेंगे. पीएम मोदी सुबह साढ़े नौ बजे द्वारकाधीश मंदिर जाएंगे. दोपहर लगभग 1 बजे पीएम मोदी द्वारका में 4150 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि की बहु विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इसके बाद साढ़े तीन बजे पीएम मोदी मोदी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) राजकोट जाएंगे. वह 4:30 बजे राजकोट के रेसकोर्स मैदान में 48,100 करोड़ रुपये से अधिक राशि की बहु विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी द्वारका में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में लगभग 980 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओखा मुख्य भूमि और बेयत द्वारका द्वीप को जोड़ने वाले सुदर्शन सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. यह लगभग 2.32 किलोमीटर का देश का सबसे लंबा केबल पुल है।

 

सुदर्शन सेतु एक अद्वितीय डिजाइन को प्रदर्शित करता है, जिसमें दोनों तरफ श्रीमद्भगवद गीता के श्लोकों और भगवान कृष्ण की छवियों से सुसज्जित एक पैदलपथ है. इसमें पैदलपथ के ऊपरी हिस्से पर सौर पैनल भी स्थापित किए गए हैं, जिससे एक मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाता है।

 

यह सेतु परिवहन को सुगम करेगा और द्वारका एवं बेयत-द्वारका मार्ग के बीच यात्रा करने वाले भक्तों के समय में काफी कमी करेगा. सेतु के निर्माण से पूर्व तीर्थयात्रियों को बेयत द्वारका तक पहुंचने के लिए नौका परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता था. यह प्रतिष्ठित सेतु देवभूमि द्वारका के प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में भी कार्य करेगा।

पीएम मोदी वाडिनार में पाइपलाइन परियोजना समर्पित करेंगे जिसमें वर्तमान अपतटीय लाइनों को बदलना, वर्तमान पाइपलाइन एंड मैनिफोल्ड (पीएलईएम) को छोड़ना और पूरे सिस्टम (पाइपलाइन, पीएलईएम और इंटरकनेक्टिंग लूप लाइन) को निकटवर्ती नए स्थान पर स्थानांतरित करना शामिल है. वह राजकोट-ओखा, राजकोट-जेतलसर-सोमनाथ और जेतलसर-वांसजालिया रेल विद्युतीकरण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-927D के धोराजी-जामकंडोर्ना-कलावड खंड के चौड़ीकरण की आधारशिला रखेंगे. इनमें जामनगर में क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, सिक्का थर्मल पावर स्टेशन, जामनगर में फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी)  प्रणाली की स्थापना शामिल है।

पीएम मोदी राजकोट में आयोजित सार्वजनिक समारोह में 48,100 करोड़ रुपये से अधिक राशि की बहु विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे, जिसमें स्वास्थ्य, सड़क, रेल, ऊर्जा, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

पीएम मोदी देश में तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, राजकोट (गुजरात), बठिंडा (पंजाब), रायबरेली (उत्तर प्रदेश), कल्याणी (पश्चिम बंगाल) और मंगलागिरि (आंध्र प्रदेश) में पांच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 23 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 11,500 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि के 200 से ज्यादा स्वास्थ्य देखभाल इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

Related Posts