केंद्र सरकार ने आम चुनाव में मतदाताओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान की शुरुआत की है। पीएम मोदी ने मतदाताओं से इसमें बढ़चढ़ कर शामिल होने का आह्वान किया है…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार मतदान के पात्र अधिक से अधिक युवाओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मंगलवार को सभी देशवासियों से ‘मेरा पहला वोट देश के लिए’ अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।
मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, आइए, हम अपनी चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सहभागी बनाएं। मैं जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों से आह्वान करता हूं कि वे पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के बीच अपनी शैली में संदेश फैलाएं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हैशटैग ‘मेरा पहला वोट देश के लिए’ #MeraPehlaVoteDeshKeLiye) का उपयोग भी किया।
प्रधानमंत्री ने सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही। ठाकुर ने सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अपने ‘मन की बात’ में पहली बार युवाओं से मतदान की अपील की थी। ठाकुर के अलावा धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी इस वीडियो को साझा किया और लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
अभियान के तहत ब्लॉग लेखन, निबंध क्विज सहित होंगी कई प्रतियोगिताएं
लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र ने मंगलवार को एक राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अभियान 28 मार्च से छह मार्च तक चलाया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालयों सहित उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों को ‘मेरा पहला वोट देश के लिए’ जागरूक किया जाएगा।
मतदाता प्रतिज्ञा लेने के लिए भी प्रोत्साहन
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने अभियान की शुरुआत करते हुए एक जिंगल, ‘बनेगा देश महान, जब वोट करेंगे हम’ जारी की। इसका उद्देश्य लगभग 1.85 करोड़ युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करना है। अभियान के तहत ब्लॉग लेखन, पॉडकास्ट, वाद-विवाद, निबंध लेखन, क्विज जैसी कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इसके अलावा युवाओं को चुनावी प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट ecisveep.nic.in/pledge/ पर मतदाता प्रतिज्ञा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
Let us make our electoral process even more participative. I call upon people from all walks of life to spread the message, in their own style, among first time voters – #MeraPehlaVoteDeshKeLiye! https://t.co/LTSdDV5Bkf
— Narendra Modi (@narendramodi) February 27, 2024















