पीएम ने कहा कि जी-20 का सफल आयोजन हुआ. देश का नाम रोशन हुआ. आप सबने मिलकर देश का नाम रोशन किया है. चारों तरफ से तारीफ ही तारीफ सुनने को मिल रही है…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल अधिकारियों, ग्राउंड स्टाफ सहित अन्य कर्मचारियों को शुक्रवार को संबोधित किया. पीएम ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन की बड़ी सफलता का श्रेय आप सभी को जाता है. पीएम ने कहा कि जी-20 का सफल आयोजन हुआ. देश का नाम रोशन हुआ. आप सबने मिलकर देश का नाम रोशन किया है. चारों तरफ से तारीफ ही तारीफ सुनने को मिल रही है. इसके पीछे जिनका पुरुषार्थ है, जिन्होंने दिन रात इसमें खपाए हैं और जिनके कारण ये सफलता प्राप्त हुई वे आप सब हैं।
पीएम मोदी ने किया संवाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आप में से ज्यादातर वे लोग होंगे जिन्हें इससे पहले इतने बड़े कार्यक्रम का, इतनी बड़ी जिम्मेदारी का अवसर ही नहीं मिल पाया था. आपको आयोजन की कल्पना भी करनी थी और समस्याओं के विषय में भी सोचना था. पीएम मोदी ने कहा कि हम सब मजदूर हैं और आज कार्यक्रम भी मजदूर एकता जिंदाबाद का है. मैं थोड़ा बड़ा मजदूर हूं, आप थोड़े छोटे मजदूर हैं, लेकिन हम सब मजदूर हैं. आपने भी देखा होगा आपको इस मेहनत का आनंद आया होगा।
कर्मचारियों से की ये अपील जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल अधिकारियों, ग्राउंड स्टाफ सहित अन्य कर्मचारियों से अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरा आप लोगों से आग्रह है कि आप जब से इस काम से जुड़े थे तब से लेकर जो-जो भी हुआ, अगर आप उसको रिकॉर्ड कर दें, लिख दें और कोई वेबसाइट तैयार करें. जिसमें आपके काम, आपके अनुभव को रिकॉर्ड किया जाए. भविष्य के कार्य के लिए इससे एक अच्छी गाइडलाइन तैयार हो सकती है।
A successful G20 Summit was possible as a result of tireless efforts by our hardworking ground functionaries. Delighted to interact with them. https://t.co/MjN1tPzzdA
— Narendra Modi (@narendramodi) September 22, 2023
जी-20 समिट का हुआ सफल आयोजन भारत की अध्यक्षता में 9 से 10 सितंबर तक दिल्ली के प्रगति मैदान में जी-20 समिट का आयोजन किया गया था. सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति समेत विश्व के शीर्ष नेता शामिल हुए थे. इस सफल आयोजन को लेकर दुनिया भर के नेताओं ने भारत की तारीफ की है।















