BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने देश के पहले राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन का किया उद्घाटन, मिशन कर्मयोगी की ओर बढ़ा एक और कदम

देश भर में प्रशिक्षण सेवा संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने और उनकी संरचना को मजबूत करने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री मोदी ने आज रविवार नई दिल्ली के प्रगति मैदान में देश के पहले राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन का उद्घाटन किया. इस सम्मेलन को पीएम मोदी के ‘मिशन कर्मयोगी’ की दिशा में अगला कदम माना जा रहा है. सम्मेलन में प्रशासनिक अधिकारियों की प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार पर चर्चा होगी।

इस सम्मेलन में केंद्रीय, राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों और अनुसंधान जैसे कई प्रशिक्षण संस्थानों के 1500 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं. केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साथ निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ भी सम्मेलन का हिस्सा हैं।

पीटीआई के मुताबिक, एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी प्रशासनिक सेवा के क्षमता निर्माण के माध्यम से, देश में शासन प्रक्रिया और नीति कार्यान्वयन में सुधार के समर्थक रहे हैं. इसमें कहा गया है कि इस सिलसिले में राष्ट्रीय प्रशासनिक सेवा क्षमता निर्माण कार्यक्रम (एनपीसीएससीबी)–‘मिशन कर्मयोगी’ की शुरुआत की गई।

मिशन कर्मयोगी का लक्ष्य सही दृष्टिकोण, कौशल और ज्ञान के साथ, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रशासनिक सेवा को तैयार करना है. यह सम्मेलन इसी दिशा में एक और कदम है. बयान के अनुसार, देश भर में प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से, क्षमता निर्माण आयोग द्वारा राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

Related Posts