11 बीट के अन्तर्गत 10 -10 प्वाइंट यानी लगभग 100 प्वाइंट बनाए गये हैं, जिन पर मराठी, गुजराती, बंगाली, माहेश्वरी, मारवाड़ी, तमिल, पंजाबी आदि समाज के लोग अपनी परंपरागत वेशभूषा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करेंगे। इन प्वाइंट पर फूलों की बरसात की जाएगी। ढोल-नगाड़े बजाए जाएंगे। शहनाई, शंखनाद, डमरू दल के साथ काशी की जनता प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेगी…
वाराणसी (ए)। शंखनाद, डमरुओं के निनाद और मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज काशी की सड़कों पर रोड शो निकालेंगे। इसमें लघु भारत और यूपी की संस्कृतियों की झलक देखने को मिलेगी। 13 मई को शाम काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सिंह द्वार से महामना पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रोड शो शुरू होगा, जो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पर समाप्त होगा।
नरेंद्र मोदी बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद भी लेने जाएंगे। रोड शो के मार्ग पर काशी की विभूतियों के कटआउट भी लगाए जाएंगे। साथ ही काशी की पहले और नई तस्वीर भी दिखाई देगी। रोड शो में पांच हज़ार से अधिक मातृशक्तियां भी पैदल यात्रा करेंगी। रोड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
काशी में मोदी का रोड शो देश के अन्य रोड शो से बिल्कुल जुदा होगा। अभी तक नरेंद्र मोदी दूसरों के लिए वोट मांगते आए हैं, लेकिन काशी में वे अपने लिए मतदाताओं से वोट मांगेंगे। नरेंद्र मोदी अपने रोड शो में शामिल होने के लिए काशीवासियों के घर-घर निमंत्रण भेज रहे हैं।
महामना से महादेव के दरबार तक की इस यात्रा में काशी अपनी पहचान के अनुरूप अपने सांसद का स्वागत करेगी। इसके लिए भाजपा ने ऐसी रणनीति बनाई है, जो पहले किसी रोड शो में नहीं दिखी होगी। रोड शो के दौरान लगभग 5 किलोमीटर की यात्रा 5 सालों की काशी के विकास यात्रा का रोड मैप तैयार करेगी।
पूर्व सांसद से लेकर विधायक, एमएलसी और मंत्री सभी अपने सांसद का स्वागत करेंगे। रोड शो में देश के लगभग हर प्रांत के लोग अपनी संस्कृति और परंपरा के अनुसार स्वागत करेंगे। रोड शो के दौरान मिनी इंडिया की झलक के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति भी देखने को मिलेगी।
इसके साथ ही जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, लोकगीत गाते हुए बनारस के कलाकार व वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए बटुक पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग भी आगे आ रहे हैं। भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह के परिवार के सदस्य मदनपुरा के पास शहनाई वादन से नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे।
















