
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड 3 पार्षद जयप्रकाश यादव ने शासकीय प्राथमिक शाला कोसानगर के पास यादव पारा स्थित जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े सुलभ शौचालय की सुध लेते हुए स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर प्रशासन से मांग की कि 1 हफ्ते के भीतर यदि सुलभ शौचालय को दुरुस्त नहीं किया गया तो हम जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन करेंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी ।
पार्षद जयप्रकाश यादव ने प्रेस मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विगत कई वर्षों से यह शौचालय नगर निगम की उपेक्षा की वजह से इस दुर्गति को प्राप्त हुआ है। भवन कभी भी गिर सकती है जिससे कोई भी वृद्ध अथवा बच्चा बिल्डिंग के नीचे दब सकता है नगर निगम प्रशासन कुंभकरण की नींद सोई हुई है । यादव मोहल्ला ,तेलुगु मोहल्ला ,ओड़िया मोहल्ला, मराठी मोहल्ला के जनता के साथ जाकर कई बार हमने प्रशासन को अवगत कराया परंतु आज तक कोई भी सुधार नहीं हो सका है।
क्षेत्र सघन बस्ती होने के कारण सुलभ शौचालय में उपयोगिता बनी रहती है यदि प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देगा तो स्थानीय नागरिक खुले में शौच हेतु विवश होंगे जिसका जिम्मेदार भी जिला प्रशासन नगर पालिक निगम प्रशासन होगा ।इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में पार्षद जयप्रकाश यादव ,पंचू यादव, पप्पू साहू, दशरथ यादव, शरद बिजवे ,कोटेश्वर राव सहित अन्य थे।









