भिलाई। नगर निगम भिलाई में विगत वर्षों से अभी तक वृहद पेयजल योजना, भागीरथी नल जल योजना, अमृत मिशन के साथ-साथ अन्य विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पूर्व की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगभग 400 करोड़ से ऊपर की राशि नगर निगम भिलाई को प्रदान की है जिसमें केंद्र सरकार के 14वें वित्त आयोग से भी अमृत मिशन के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है। जिसके तहत शिवनाथ नदी से एक भागीरथी प्रयास से शिवनाथ के जल को भिलाई में पानी की कमी को पूर्ति करने के लिए नगर निगम भिलाई के महत्वपूर्ण क्षेत्रों जैसे खुर्सीपार छावनी हाउसिंग बोर्ड कुरूद कोहका फरीदनगर नेहरू नगर वैशाली नगर मदर टैरेसा नगर कैंप क्षेत्र जुनवानी रूआबांधा रिसाली के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी पर्याप्त से भी अधिकतम टंकियों का निर्माण किया गया ताकि इन क्षेत्रों में पेयजल संकट को दूर किया जा सके।
शहर की हर गली में पाइप लाइन भी बिछाई गई ताकि इन पाइपलाइन से प्रत्येक घरों में निजी नल कनेक्शन उपलब्ध करा कर पेयजल संकट को दूर किया जा सके किंतु विगत 5 वर्षों में नगर निगम भिलाई की उदासीनता और राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव मे तथा भिलाई विधायक व पूर्व महापौर के कमीशन एजेंट की तरह कार्य करने के कारण आज तक नगर निगम भिलाई के अधिकारियों के पास अमृत मिशन का सही ड्राइंग डिजाइन उपलब्ध नहीं है एक ही सड़क में कईयों बार पाइप बिछाया गया है बल्कि छावनी से हाउसिंग बोर्ड और हाउसिंग बोर्ड से छावनी पानी उलटी दिशा में पाइप लाइन डालकर सप्लाई किया जा रहा है।
इसी तरह मदर टेरेसा नगर से हाउसिंग बोर्ड व हाउसिंग बोर्ड टंकी से मदर टैरेसा नगर पानी भेजा जा रहा है । इसी तरह अन्य जगहों पर भी पाइप लाइन को अस्त-व्यस्त तरीके से बचाया गया है स्पष्ट तौर से दर्शाता है कि इस तरीके से सरकार व जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है नगर निगम के अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधि तक केवल कमीशन खोरी में लगे हुए हैं जिसके कारण भिलाई की जनता में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मचा हुआ है।
इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बाद भी शहर में टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है आज की तारीख तक लोगों के घरों में नल कनेक्शन नहीं लगे हैं और अगर लगे भी हैं तो उसमें पानी का प्रेशर नहीं है इस गंभीर लापरवाही व भ्रष्टाचार के महामहिम राज्यपाल एवं केंद्र सरकार से इसकी शिकायत कर पूरे अमृत मिशन के प्रोजेक्ट की जांच करने की अपील की जाएगी तथा नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग भी की जाएगी।
उक्त बाते पार्षद पीयूष मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम के जोन कार्यालय-4 का वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद पीयूष मिश्रा व क्षेत्र के लोगों के द्वारा खुर्सीपार के जोन कार्यालय का घेराव किया गया साथ ही यह चेतावनी दी गई कि अगर जल्द से जल्द समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो प्रदर्शन को और उग्र किया जाएगा।















